महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 फरवरी। ढाबे में खाना बनाने की बात पर आरंग के एक ढाबा मालिक ने अपने साथियों के साथ पुराने कर्मचारी से मारपीट कर उसे कार की डिक्की में भरकर अपहरण कर लिया। शिकायत पर पुलिस ने ढाबा संचालक सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर चारों को गिरफ्तार किया है।
प्रभारी डीएसपी अजय त्रिपाठी ने बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे आरंग के लवली ढाबा का मालिक प्रशांत निभवानी 31 साल, उसका दोस्त अमन बांधे 22 साल, मनीष यादव 20 साल और सागर साहू 24 साल कार से कोसरंगी के अम्मन ढाबा पहुंचे। चारों ने वहां कार्यरत खाना बनाने वाले वीरेंद्र पटेल 35 साल के साथ जमकर मारपीट की और उसे गाड़ी की डिक्की में भरकर उसे आरंग ले गए। इस बीच चारों आरोपियों ने बेलसोंडा पहुंचकर वीरेंद्र के साथ दुबारा मारपीट की।
घटना के बाद रात में ही अम्मन ढाबा के संचालक प्रदीप साहू ने कोतवाली पुलिस और 112 को इसकी सूचना दी। जैसे ही पुलिस को इसकी सूचना हुई, पुलिस टीम आरंग स्थित लवली ढाबा पहुंची और कार की डिक्की में बंद वीरेंद्र को बाहर निकाला और चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
प्रभारी डीएसपी अजय त्रिपाठी ने बताया कि वीरेंद्र के अनुसार वह कोसरंगी के अम्मन ढाबा से पहले आरंग के लवली ढाबा में खाना बनाने का काम करता था। जहां से उसने कुछ माह पूर्व ही काम छोड़ दिया था। जिसके बाद लवली ढाबा में खाना बनाने वाले कर्मचारी की कमी के चलते ढाबा मालिक ने अपने दोस्तों के साथ वीरेंद्र से मारपीट कर उसे वापस काम पर लाने का दबाव बना रहे थे। इसीलिए इस घटना को अंजाम दिया। मामले में कोतवाली पुलिस ने ढाबा संचालक प्रशांत नेभानी सहित अमन बांधे, मनीष यादव, सागर साहू को गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपियों में से दो आरोपियों के सोशल मीडिया अकाउंट के मुताबिक आरोपी प्रशांत नेभानी बीजेपी और सागर साहू बजरंग दल से जुड़े हुए हैं।