मोबाइल की तरह रिचार्ज समाप्त होने के पहले उपभोक्ताओं के मोबाइल में मिलेगा मैसेज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10जुलाई। मोबाइल की तरह जिले में अब बिजली भी रिचार्ज करने से मिलेगी। पूर्व में बिल आने के बाद उपभोक्ता बिजली बिल का भुगतान करते थे। स्मार्ट मीटर लगने के बाद अब एडवांस में उपभोक्ताओं को रिचार्ज करना होगा। शुरुआत में प्रथम चरण के तहत शहर के घरेलू व व्यावसायिक कनेक्शन लगाए जा रहे हैं। विगत 6 जुलाई से सरायपाली 6 जुलाई से सरापपाली शहर में भी स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है।
शुरुआत में भंवरपुर रोड से स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य प्रारंभ हुआ है। उपभोक्ता घर में नहीं रहने से स्मार्ट मीटर में बीपी नंबर के साथ मोबाइल नंबर ऐड करने व अन्य प्रक्रिया के लिए बिजली विभाग के कर्मचारियों को असुविधा हो रही है। इससे समय भी अधिक लग रहा है। कहा जा रहा है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं और बिजली विभाग के कर्मचारी-अधिकारियों को बिजली बिल से संबंधित सभी समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। जिससे समय और पैसे की भी बचत होगी।
इससे पहले बिल सुधारने के लिए बिजली ऑफिस पहुंचना होता था। इसके अलावा बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन लगाकर बिल त्रुटि होने की जानकारी देते थे। इन सब समस्याओं का निदान होगा। विभाग के कर्मचारियों को एक मीटर लगाने में 20 से 30 मिनट का समय लग रहा है। प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। दो दिनों में लगभग 20 से 30 मीटर ही लगाए गए हैं।
प्रथम दिवस भंवरपुर रोड के बाद विनायक बिहार की ओर स्मार्ट मीटर लगाए गए। पावर कनेक्शन को छोड़ सभी घरेलू व व्यवसायिक कनेक्शन धारी उपभोक्ताओं के पुराने मीटर के बदले गए। इन सभी में स्मार्ट मीटर लगेगा। उपभोक्ताओं को ढाई माह बाद भी स्मार्ट मीटर दिए जाएंगे। स्मार्ट मीटर चालू होते ही वह उपभोक्ता के प्रीपेड में रिचार्ज होगा और उपभोक्ताओं को सुरक्षा निधि जमा करना नहीं पड़ेगा। दो माह से अधिक समय के लिए अस्थाई कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं पोस्टपेड मीटर मिलेगा। इसके अलावा रिचार्ज समाप्त होने के पहले उपभोक्ताओं के मोबाइल में रिचार्ज करवाने संबंधित मैसेज भी पहुंचेगा। जिससे उन्हें जानकारी हो जाएगी कि अब उन्हें बिजली बिल का भुगतान करना होगा।
कहा जा रहा है कि इससे अधिकतम 300 बकाया तक उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। बाद स्वत: स्मार्ट मीटर से ही कनेक्शन विच्छेद हो जाएगा। उन्हें मीटर से आगे लाइन सप्लाई नहीं होगी। रिचार्ज करने के बाद पुन: बिजली का उपयोग कर सकेंगे।
दो माह तक का कनेक्शन नहीं कटेगा।
खबर है कि वर्तमान में लग रहे स्मार्ट मीटर जब तक प्रथम चरण के तहत पूरे शहर में नहीं लग जाता, तब तक वह चालू नहीं होगा। चालू होने के पूर्व तक पुराने पैटर्न में ही बिल आएगा। स्मार्ट मीटर लगते ही पुराने मीटरों को निकाला जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिल कई महीनों का बकाया है, उन्हें स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बीपी नंबर नहीं बदलेगा। जिस तरह से मोबाइल के रिचार्ज की एक्सपायरी की जानकारी हमें मोबाइल से ही मिल जाती है, ठीक उसी तरह बिजली की रिचार्ज की जानकारी मिल जाएगी और उपभोक्ताओं को पता चल जाएगा कि उनके बीपी नंबर में कितने का रिचार्ज है और कब रिचार्ज करना है। प्रत्येक उपभोक्ताओं का 30 दिन का ही बिल आएगा और रीडिंग के झंझट व बिल फाल्ट की समस्या से निदान मिलेगा। स्मार्ट मीटर चालू होते ही अब कोई कर्मचारी बिल देने किसी भी उपभोक्ता के घर नहीं जाएंगे। मोबाइल से ही उपभोक्ताओं को एडवांस में बिजली बिल का पेमेंट करना होगा।
स्मार्ट मीटर चालू होते तक उपभोक्ताओं को बिल पटाना होगा। जिनका बकाया बिल ज्यादा है, उन्हें दो माह का बिल पटाने समय दिया जाएगा। उपभोक्ताओं को खपत के आधार पर एडवांस में बिल का भुगतान करना होगा। जितना उपयोग करेंगे वे उतना ही बिल पटाएंगे।
बिजली विभाग के प्रभारी कार्यपालन अभियंता महेश नायक ने कहा कि प्रथम चरण के तहत शहर में घरेलू व व्यवसायिक मीटर के बदले स्मार्ट मीटर लगाया जा रहे हैं। जब तक सभी उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर नहीं लग जाते,तब तक स्मार्ट मीटर चालू नहीं होगा। पुराने पद्धति से ही दो माह का समय दिया जाएगा। अधिक पुराना बिजली बिल बाकी वाले उपभोक्ता किस्तों में भी बिजली बिल का भुगतान कर सकेंगे। नए कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को पूर्व की तरह नॉर्मल मीटर मिलेगा।
मतलब यह कि डिजिटल इंडिया के तहत स्मार्ट मीटर लगने के बाद इस मीटर के एक्टिव होते ही उपभोक्ताओं को रिचार्ज करना होगा। उपभोक्ताओं के पुराने मीटर में जिस तरह से खपत के आधार पर बिजली बिल आते थे, उसी आधार पर रिचार्ज करेंगे। अगर महीने का रिचार्ज से अधिक का पेमेंट करते हैं तो अगले माह के बिल में कम रिचार्ज करवाना होगा। अगर किसी कारण से घर से बाहर रहना पड़ा या बिजली का उपयोग नहीं हो रहा है, तब की स्थिति में स्मार्ट मीटर में भी उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।