महासमुन्द

सागरपाली स्कूल परिसर में सार्वजनिक शौचालय बन रहा
09-Jul-2024 2:38 PM
सागरपाली स्कूल परिसर में सार्वजनिक शौचालय बन रहा

विरोध में उतरे ग्रामीणों ने कहा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं

तहसीलदार को पत्र लिखकर निर्माण पर रोक लगाने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 9 जुलाई। जिले के सरायापाली क्षेत्र स्थित सागरपाली स्कूल परिसर में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण किया जा रहा है। जिसे लेकर ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए तहसीलदार को पत्र लिखकर निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है।

ग्रामीणों से मिली जानकारी अनुसार लगभग दो वर्ष पूर्व भी उक्त स्थान पर सार्वजनिक शौचालय निर्माण करने का प्रयास किया गया था। जिसे ग्रामीणों और शाला प्रबंधन समिति के विरोध के बाद रोक दिया गया था। अब पुन: शौचालय निर्माण शुरू किये जाने से ग्रामीणों में भी काफी नाराजगी देखी जा रही है।

मालूम हो कि शासन प्रशासन के द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न योजनाओं के तहत कई तरह के कार्य किये जाते हैं। जिसमें गांव की स्वच्छता बनाये रखने के लिए सार्वजनिक शौचालय का निर्माण भी किया जा रहा है। लेकिन ग्राम पंचायत सागरपाली में शौचालय निर्माण के लिए शाला परिसर का चयन किया गया है। जिसका ग्रामवासियों के द्वारा विरोध किया जा रहा है। गांव वालों का कहना है कि आखिर सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए किसी शाला परिसर का चयन किया जाना अपने आप में एक विचित्र निर्णय है। जिस जगह पर गांव के नौनिहाल ज्ञान प्राप्त करने के लिए आते हैं, उस स्थान पर सार्वजनिक शौचालय का निर्माण करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।

गांव वालों की मानें तो इससे बच्चों की शिक्षा में व्यवधान तो उत्पन्न होगा ही, उनके स्वास्थ्य के साथ भी खिलवाड़ होगा। इसे  देखते हुए ग्रामवासियों के द्वारा तहसीलदार को पत्र देकर उक्त निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की जा रही है। सागरपाली के ग्रामीण वृंदावन साहू, छोटेलाल, हेमसागर पटेल, तरुण, जगता, सोहन, भरत, अनिल, चिंतामणी, दिलीप, नरसिंह आदि अनेक ग्रामीणों ने तहसीलदार को लिखे पत्र में उल्लेख किया है कि सागरपाली में शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय दोनों एक ही परिसर में स्थित है। विद्यालय परिसर चारों ओर से अहाता से घिरा हुआ है और यहां अध्यनरत छात्र-छात्राओं एवं शिक्षण स्टाफ  के लिए पूर्व से ही शौचालय बना हुआ है। इसके बावजूद शाला परिसर में ही ग्राम पंचायत सागरपाली के सरपंच प्रतिनिधि के द्वारा व्यापार कार्य के सिलसिले में बाहर से आने वाले लोगों की सुविधा के लिए शौचालय निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

गांव वालों के मुताबिक दो वर्ष पूर्व भी उनके द्वारा शाला परिसर में शौचालय निर्माण शुरू किया गया था। जिसे ग्रामीणों के द्वारा मना करने और विरोध के बाद रोक दिया गया था। लेकिन उनके द्वारा विगत 1 जुलाई से पुन: उक्त निर्माण कार्य को शुरू कर दिया गया है। ग्रामीणों ने शाला की स्वच्छता और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य का हवाला देते हुए उक्त निर्माण कार्य पर अतिशीघ्र रोक लगाने की मांग तहसीलदार से की है।

ग्रामीणों ने बताया कि जो भी विद्यार्थी यहां पढऩे आते हैं। उनके लिए पहले से ही शौचालय की व्यवस्था है। ऐसे में स्कूल परिसर के अंदर सार्वजनिक शौचालय बनाना, विद्यार्थियों और शिक्षकों सभी के स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है। परिसर में सार्वजनिक शौचालय होने से स्कूल के अन्दर गन्दगी व दुर्गंध फैलेगी। जिससे कई तरह की बीमारियां भी हो सकती है। सडक़ के किनारे होने से बाहर आने जाने वाले लोग शाला परिसर में आकर शौच करेंगे। इसका दुष्प्रभाव शाला के बच्चों पर भी पड़ सकता है।


अन्य पोस्ट