‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 31 मई। सामाजिक बैठक अब केवल समाज के गतिविधियों के चर्चा तक ही सीमित नहीं रह गया है, बल्कि अपने समाज के विद्यार्थियों, युवाओं, किसानों व व्यापारियों को सक्षम और मजबूत बनाने बैठक में कैरियर गाईडेंस जैसे प्रभावी कार्यक्रमों का समावेश किया जा रहा है।
यह बड़ा पहल चन्द्रनाहूं कूर्मि क्षत्रिय समाज छग प्रदेश द्वारा किया गया है। जिसकी झलक चन्द्रनाहूं कुर्मी क्षत्रिय समाज दुर्ग राज द्वारा ग्राम कोलिहापुरी स्थित 36 फोर्ट परिसर में 31 मई और 1 जून को आयोजित दो दिवसीय 54 वें केन्द्रीय महाअधिवेशन में दिखाई देगी।
महाधिवेशन की शुरुआत 31 मई को इष्टदेव एवं महापुरुषों के तैल्यचित्र की पूजा-अर्चना के साथ होगी। इस दिन प्रथम सत्र के मुख्य अतिथि वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी होंगे। श्री चौधरी महाधिवेश में दोपहर 2 बजे तक समाज के विद्यार्थियों, युवाओं, किसानों व व्यापारियों को कैरियर गाईडेंस देकर उनका मार्गदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर अति विशिष्ट अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, चन्द्रनाहूँ कुर्मी क्षत्रिय समाज के प्रदेश अध्यक्ष विनोद चंद्राकर, पूर्व केन्द्रीय अध्यक्ष अश्वनी चंद्राकर मौजूद रहेंगे। अध्यक्षता चन्द्रनाहूँ कूर्मि क्षत्रिय समाज दुर्ग राज अध्यक्ष प्रदीप चंद्राकर करेंगे। इसके अलावा अन्य अतिथि मौजूद रहेंगे। महाधिवेशन के द्वितीय दिन 1 जून को समापन के प्रथम सत्र में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे।
अति विशिष्ट अतिथि के रुप में केबिनेट मंत्री ओपी चौधरी, टंकराम वर्मा, सांसद विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर मौजूद रहेंगे। अध्यक्षता चन्द्रनाहूँ कुर्मी क्षत्रिय समाज छग प्रदेश अध्यक्ष विनोद चंद्राकर करेंगे। साथ ही अन्य अतिथि मंचासीन रहेंगे।
समापन समारोह का द्वितीय सत्र दोपहर 2 बजे से शुरु होगा। इस अवसर पर छग के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि होंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रुप में गुंडरदेही विधायक कुंवरसिंह निषाद मौजूद रहेंगे। अध्यक्षता चन्द्रनाहूँ कुर्मी क्षत्रिय समाज छग प्रदेश अध्यक्ष विनोद चंद्राकर करेंगे। इसके अलावा अन्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे।
यह महाधिवेशन चन्द्रनाहूं कुर्मी क्षत्रिय समाज को सर्वत्र क्षेत्र में सक्षम और मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है, जिसमें कई विषयों पर विस्तार से चर्चा और विचार-विमर्श किया जाएगा। महाधिवेशन को लेकर समाज के लोगों में उत्साह का माहौल है। फलस्वरूप महाधिवेशन में प्रदेशभर से करीब 7 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद है।