दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली/ दंतेवाड़ा, 26 जुलाई। दंतेवाड़ा के बचेली थाना में एक ग्रामीण द्वारा दो दिवस पूर्व अपनी पत्नी की गला घोंंट कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे पति को रविवार को न्यायालय प्रस्तुत कर दिया गया।
इस घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि शनिवार रात बचेली निवासी लक्ष्मी और उसके पति चमरू तेलाम में विवाद हुआ। विवाद के दौरान चमरू ने पत्नी के साथ हाथापाई की और अंत में पत्नी की हत्या की मंशा से उसका गला घोंंट दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। उक्त घटना की पुलिस को जानकारी मृतका के भाई धन्नू तेलाम नें रविवार को पुलिस थाना बचेली में दी।
पुलिस द्वारा आरोपी चमरू को रविवार को ही हिरासत में ले लिया गया। आरोपी से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बताया कि लक्ष्मी शराब पीने की आदी थी। इस लत से मना करने पर वह विवाद करती थी। शनिवार की रात को उसे शराब पीने से मना करने पर उसने चमरू पर ही अनर्गल आरोप लगा दिया, जिससे आरोपी अपना आपा खो बैठा। उसने अपनी पत्नी की पिटाई कर उसका गला घोंंट दिया।
पुलिस ने हत्या के दौरान उसके उसकी पहनी हुई शर्ट को बरामद कर लिया। जिसमें खून के छींटे लगे हुए हैं। इस सफलता में अनुविभागीय अधिकारी देवांश राठौर के नेतृत्व में थाना प्रभारी बचेली अमित पाटले, उप निरीक्षक केशव ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक के सीमाचलम सहित जवानों का सराहनीय योगदान रहा।