राजनांदगांव

महापौर ने अफसरों संग किया स्थल निरीक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 अप्रैल। राजनांदगांव मेें खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने एवं एथलेटिक्स खिलाडिय़ों को खेल में सुविधा विस्तार के लिए शहर में एथलेटिक्स सिनथैटिक ट्रेक निर्माण के लिए महापौर मधुसूदन यादव ने सोमवार को अधिकारियों के साथ ढ़ाबा में नगर सेना ऑफिस के पीछे शासकीय भूमि का निरीक्षण किया।
एथलेटिक्स खेल को बढ़ावा देने एवं संस्कारधानी के खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की पहल पर एथलेटिक्स सिनथैटिक ट्रेक निर्माण हेतु महापौर यादव नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एथलेटिक्स संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला सचिव रणविजय प्रताप सिंह सहित निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, जल विभाग के प्रभारी सदस्य सुनील साहू, पार्षद रवि सिन्हा व सतीश साहू, पूर्व पार्षद विजय राय तथा नगर निगम व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ ढाबा स्थित नगर सेना ऑफिस के पीछे शासकीय भूमि का निरीक्षण कर अधिकारियों से चर्चा की।
महापौर यादव ने बताया कि संस्कारधानी राजनांदगांव का नाम खेल गतिविधयों में देश व प्रदेश में शिखर पर रहा है। यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना जौहर दिखाए हैं। इसी को ध्यान में रखकर विधानसभा अध्यक्ष व विधायक डॉ. रमन सिंह ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में एस्टोट्रर्फ हॉकी मैदान तथा स्टेडियम का जीर्णोद्धार कराया। वहीं अब एथलेटिक्स खेल को बढ़ावा देने एथलेटिक्स सिनथैटिक ट्रेक राजनांदगांव में निर्माण के लिए केन्द्र सरकार के खेलो इंडिया के तहत केन्द्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडविया से चर्चा कर स्वीकृति दिलाई। उक्त ट्रेक निर्माण के लिए सोमवार को स्थल चयन हेतु ढाबा में नगर सेना ऑफिस के पीछे की शासकीय भूमि चयन हेतु अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एथलेटिक्स सिनथैटिक ट्रेक बन जाने से संस्कारधानी के एथलेटिक्स खिलाड़ी यहां खेल कर परिपक्व होकर प्रदेश एवं देश के प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर स्थान प्राप्त करेंगे।
आयुक्त विश्वकर्मा ने कहा कि एथलेटिक्स सिनथैटिक ट्रेक निर्माण के लिए लगभग 10 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी। स्थल चयन उपरांत शासन की स्वीकृति अनुसार प्रक्रिया कर तकनीकि अधिकारी एवं वास्तुविदो के साथ खिलाडिय़ों के सुविधा एवं मापदंड अनुसार ड्राईंग डिजाईन तैयार कर ट्रेक का निर्माण किया जाएगा। एथलेटिक्स संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि एथलेटिक्स सिनथैटिक ट्रेक निर्माण के लिए दिग्विजय स्टेडियम का चयन किया गया था, किन्तु स्टेडियम में विभिन्न खेल गतिविधियां संचालित होने के कारण अन्य स्थल चयन करना है। स्थल चयन हेतु महापौर एवं जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ ढाबा की शासकीय भूमि देखा जा रहा है। स्थल चयन उपरांत खेलो इंडिया के तहत मानदंड अनुसार एथलेटिक्स सिनथैटिक ट्रेक का निर्माण किया जाएगा।