राजनांदगांव

सांसद-विधायक और केंद्र सरकार की बेसुधी से भवनविहीन है डाकघर - रूपेश
28-Apr-2026 4:59 PM
सांसद-विधायक और केंद्र सरकार की बेसुधी से भवनविहीन है डाकघर - रूपेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 राजनांदगांव, 28 अप्रैल। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता रूपेश दुबे ने राजनांदगांव जिले सहित दुर्ग संभाग में किराए के भवन में संचालित डाकघर को भाजपाई सांसद और विधायक के साथ केंद्र की भाजपा सरकार की अदूरदर्शिता एवं असफलता करार देते कहा कि जब से केंद्र में भाजपा सरकार आई है, तब से विश्वनीय संस्थाओं से जनता का भरोसा उठता जा रहा है। रेल के बाद अब जनता का डाक सेवा पर से भरोसा उठ गया है, क्योंकि यह लुट का पर्याय बन गया है।

प्रवक्ता श्री दुबे ने बताया कि रजिस्ट्री डाक सेवा को बंद कर अब विभाग स्पीड पोस्ट चालू कर जहां रजिस्ट्री में कम पैसे लगते थे और एक्नॉलेजमेंट घर आता था, लेकिन अब डिजिटल क्रांति के नाम पर स्पीड पोस्ट में दोगुना पैसा देने के साथ-साथ डाक सेवा में जीएसटी राशि की वसूली की जा रही है, फिर  स्वयं ट्रैकिंग कर प्रिंट आउट निकालने में होती परेशानी के कारण कम्प्यूटर सेंटर से प्रिंट निकालने का खर्च करने जनता विवश हो गई है, क्योंकि कोरियर सर्विस में कम पैसे लगते हैं।

उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिले में संचालित डाकघरों में से बमुश्किल 10 प्रतिशत डाकघर ही स्वयं के भवन में है, बाकी सब किराए के भवन में संचालित हो रहे हैं। साथ ही भवनों में जनता को सुविधाएं भी नहीं मिल रही है। डाकघर की शाखाओं में पोस्टल ऑर्डर का पर्याप्त अभाव रहता है। स्पीड पोस्ट करने वाले व्यक्ति से मोबाइल नंबर की अनिवार्यता बताते हैं, नहीं होने पर 1 से 10 तक नंबर डालकर खानापूर्ति करते हैं, जहां पोस्ट करना है वहां का पिन कोड पूछा जाता है। जिससे जनता अनभिज्ञ रहती ह। ऐसे व्यवहारिक कठिनाइयों से जनता परेशान होती है। लगातार सर्वर डाउन से भी डाक विभाग के प्रति जनता का भरोसा उठता जा रहा है। विदेशों में पार्सल सुविधा का ढोल पीटने से पहले केंद्र सरकार डाकघर हेतु सर्वसुविधायुक्त भवन, मजबूत सर्वर, सामग्रियों की उपलब्धता की सुविधा तो प्रदान करे।


अन्य पोस्ट