राजनांदगांव
नांदगांव के मेढ़ा सहकारी बैंक का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 अप्रैल। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मेढ़ा ब्रांच के एक मैनेजर की शाखा में शराब पीते तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद सीईओ ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई की। मैनेजर पर बैंक के भीतर शराब पीने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले को लेकर जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल ने तत्काल सीईओ सुधीर सोनी को मैनेजर के विरूद्ध अनुशासनत्मक कार्रवाई करते निलंबित करने का आदेश दिया। इसके बाद सीईओ ने मैनेजर को निलंबित कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की मेढ़ा शाखा में पदस्थ प्रबंधक सुखदास केसरी कार्यालय परिसर में शराब का सेवन कर रहे थे। शराब पीते कुछ तस्वीरे सोशल मीडिया में वायरल हो गई। इसके बाद मैनेजर के विरूद्ध सीईओ ने सीधे कार्रवाई करते निलंबन का आदेश जारी किया। बैंक प्रबंधन की ओर से मैनेजर के इस कृत्य को गंभीर कदाचार के साथ-साथ शासकीय सेवा नियमों का पालन नहीं करने व बैंक की शाख को धूमिल करने के आरोप के तहत निलंबित किया गया। बताया जा रहा है कि मेढ़ा शाखा का प्रभार सहायक प्रबंधक को दिया गया है। बैंक सीईओ ने मैनेजर के विरूद्ध विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं।