राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 अप्रैल। जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र के रामाटोला में बीती रात को एक शादी समारोह में कातिलाना हमले में एक युवक की मौत हो गई। आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते युवक को घेरकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद गांव में तनाव की स्थिति है। हालात के मद्देनजर एसडीओपी केशरीनंदन नायक समेत अन्य जवान मौके पर तैनात है।
मिली जानकारी के मुताबिक रामाटोला में खैरागढ़ जिले के सांकरा गांव से बारात पहुंची थी। बारात में डाँस करने के दौरान योमेश सिन्हा (22 वर्ष) को कुछ युवकों ने घेरकर जमकर पीटा। इसके बाद चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शादी समारोह में तनाव की स्थिति बन गई। पुरानी रंजिश के कारण आरोपी ने कुछ साथियों के साथ युवक को मौत के घाट उतार दिया।
एसडीओपी श्री नायक ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी संभवत: नाबालिग है। उसके बालिग होने को लेकर जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपियों के बीच पिछले कुछ समय से वाद-विवाद था। आरोपियों ने मौका देखकर शादी समारोह में योमिश सिन्हा पर जानलेवा हमला किया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना में शामिल कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। हत्या की घटना के बाद शादी कार्यक्रम मातम में बदल गया।


