दुकानों में खरीददारों की बढ़ी तादाद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 मार्च। सप्ताहभर बाद ईद पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारी के बीच बाजार में रंग-बिरंगी सेवइयों की दुकानें सज गई है। शहर के गोल बाजार स्थित हन्फी मस्जिद के समीप सेवईयों के कारोबारियों ने दुकानों में अलग-अलग रंगों की सेवईयों का कारोबार शुरू कर दिया है।
इस महीने के अंत में 31 मार्च को चांद दिखने के बाद मुस्लिम धर्मावलंबी परंपरागत रूप से ईद पर्व मनाएंगे। इसके अलावा शहर के अन्य इलाकों में भी सेवइयों की दुकानों में कारोबार शुरू हो गया है। एक माह से रमजान का मुबारक महीने में रोजेदार रोजा रखते हुए अल्लाह की इबादत कर रहे हैं। रमजान के आखिरी दिन स्थानीय मस्जिदों अथवा ईदगाह में ‘शुक्राने’ नमाज अदा की जाएगी। ईद पर्व में सेवइयों से मुंह मीठा करने का रिवाज रहा है।
लोक मान्यता है कि इस्लाम धर्म में सेंवई परोसी जाती है। परंपरागत रूप से सदियों से मुस्लिम समाज रमजान के महीने के आखिरी दिन गले लगने का रस्म अदा करने के बाद घरों में पहुंचने वाले मेहमानों व परिचितों का सेंवई से मुंह मीठा कराते हैं। इस बीच बाजार में सेवई की खरीदी-बिक्री तेज हो गई है। शहर के मस्जिदों के आसपास व्यवसायी इसका व्यापार कर रहे हैं।