राजनांदगांव

युगांतर स्कूल में ‘से टू नो’ का सफल सेमीनार आयोजित
07-Feb-2026 4:33 PM
युगांतर स्कूल में ‘से टू नो’ का सफल सेमीनार आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 फरवरी।
युगांतर पब्लिक स्कूल के तत्वावधान में कैरियर निर्माण के लिए एक सफल सेमीनार का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में एसपी अंकिता शर्मा शामिल हुई। विद्यालय प्राचार्य मधुसूदन नायर ने एसपी का परिचय दिया।

एसपी ने अपने वक्तव्य का प्रारंभ अपने जीवन की संघर्षमयी घटनाओं से किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को बताया कि कभी भी अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करते समय यह ध्यान रखना चाहिए कि वह लक्ष्य आपको सदैव प्रेरित करता रहे। आप यह ध्यान रखें कि आप चाहे डॉक्टर, इंजीनियर व सीए बने या कोई अन्य पद हासिल करने की इच्छा रखें, सबसे पहले आप यह सोंचे कि यदि आप इन पदों तक ही सीमित रहे तो विश्व नियंता कौन बनेगा, कौन समाज, देश या विश्व को चलाएगा?  विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देते उन्होंने कहा कि छात्रों में आत्मविश्वास भरा होना चाहिए।  आत्मविश्वास ही वह अस्त्र है, जिसके बल पर किसी भी चुनौती का आप डटकर सामना कर सकते है, लेकिन कुछ ऐसी बातें भी हैं, जिनसे बचना होगा और वे बाते हैं ड्रग्स को ‘नो’ कहना, मोबाइल से दूर रहना। अपने भीतर सिविक सेंस को डेवलप करना सबसे जरूरी है । इसे डेवलप करने के बाद डिसिप्लीन खुद-ब-खुद आ जाती है।

बालिकाओं या महिलाओं के साथ जो अभद्रता की जाती है, उसका प्रतिकार कैसे करना चाहिए?  छात्राओं को पढ़ाई के साथ एक हॉबी अपनानी चाहिए। जिसमें सेल्फ डिफेंस शामिल हो। अभद्रता करते समय ‘नो’ कहना और उसका प्रतिकार करना सीखें। कभी भी अभद्रता या गलत टिप्पणी सुनने या सहने की आदत न डालें  अन्यथा यही आदत गलत लोगों को वैसा करने के लिए प्रश्रय देती है।  उन्होंने कहा कि गलत का उत्तर तभी दे सकती हैं, जब आप शारीरिक रूप से सक्षम हो।

उन्होंने माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि जब जीवन में मुश्किलें आती हैं, माता-पिता और गुरुजन ही सहायक होते हैं । मित्र कभी काम नहीं आते और मित्र बनाना है तो उसका भी सही चुनाव होना चाहिए। किसी को भी मित्र न बनाएं। उन्होंने सदैव अच्छी पुस्तकें पढऩे और उनसे ज्ञान प्राप्त करने पर जोर दिया । पुस्तकों का चुनाव भी सही होना चाहिए।  छात्र अनुज चांडक को उन्होंने एक पुस्तक भेंट करने को भी कहा । इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक (अकेडमिक्स) सुशील कोठारी, वाइस चेयरमैन अखराज कोटडिय़ा,  सेक्रेटरी  विनय डड्ढा, कोषाध्यक्ष मिश्रीलाल गोलछा, निदेशक (अकेडमिक्स) नरेंद्र  कोटडिय़ा  उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट