राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 फरवरी। मेडिसीन कंपनी में पैसा दोगुना करने के नाम पर लाखों रुपए ठगी करने वाले ठगों को खैरागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया। बताया गया कि ठग गुमराह करने के लिए लगातार अपना नाम व पता बदल रहा था। पुलिस ने शातिर ठग को गिरफ्तार कर ज्युडिशियल रिमांड पर जेल भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार खैरागढ़ जिले के छुईखदान बोरसी निवासी प्रार्थी रेखचंद जंघेल 17 मई 2021 से 13 जनवरी 2022 के मध्य आरोपी सुखविंदर सिंग कडियाल एवं हुलास कुमार साहू द्वारा दवाई कंपनी में कम समय में पैसा दोगुना करने और दवाई सेलिंग कर 30 प्रतिशत कमीशन देने का लालच देकर प्रार्थी से कुल 12 लाख 50 हजार रुपए ठगी करने की रिपोर्ट पर 3 फरवरी 2025 को थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 41/2025 धारा 420, 34 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। प्रकरण के आरोपी सुखविंदर सिंग कडियाला 32 साल निवासी क्वाटर नं. 23 एफ सडक़ नं. 29 बीए शिव मंदिर रोड़ सेक्टर-07 भिलाई और हुलास कुमार साहू 29 साल निवासी ग्राम बोरई छुईखदान द्वारा प्रार्थी से ठगी कर फरार थे।
बताया गया कि आरोपियों को तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पकडक़र हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया, जो जुर्म करना स्वीकार किए। आरोपी सुखविंदर सिंग कडियाला एवं हुलास कुमार साहू के विरूद्ध अपराध धारा का सबूत पाए जाने से 5 फरवरी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी हुलास कुमार साहू को अभिरक्षा में लेकर विधिवत कार्रवाई कर अन्य आरोपी सुखविंदर सिंग कडियाला को न्यायालय पेश किया गया, जहां न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी सुखविंदर सिंग कडियाला को न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेजा गया।


