‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 22 मार्च। नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष महेश यादव ने गुरूवार को शुभ मुहुर्त में नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। इस दौरान सबसे पहले उन्होंने नगर पंचायत के प्रवेश द्वार पे सिर झुकाकर प्रणाम किया। उसके बाद अपने कक्ष में पहुंचकर विधिविधान पूर्व पूजा अर्चना किया। इस दौरान उन्होंने भगवान से आशीर्वाद लिया और प्रार्थना किया कि राजिम का समुचित विकास उच्चस्तर पर हो।
समस्याओं का त्वरिक निदान किया जाएगा
पत्रकारो से चर्चा करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि नगर के विकास के लिए वे जीतोड़ मेहनत करेंगे। पहली प्राथमिकता उनकी स्वच्छता अभियान की होगी। शहर हरा-भरा रहे, साफ-सुथरा रहे और हर घरो में शुद्ध पीने का पानी पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे रोज सुबह शहर के विभिन्न हिस्सो में भ्रमण करेंगे। जहां समस्या दिखेगी उसका त्वरित निदान किया जाएगा। मुहल्लेवासियो से उनकी जरूरतो को पूछा जाएगा। महानदी की स्वच्छता को लेकर भी वे व्यापक अभियान चलाएंगे। ज्यादा से ज्यादा लोगो को इस अभियान में जोड़ेंगे। श्रमदान के लिए लोगो को प्रेरित करेंगे।
लोगों की बातों को सम्मानपूर्वक सुने
अफसरो और नगर पंचायत के कर्मियो से साफ-साफ कहा कि समस्या लेकर आने वाले हर लोगों के साथ सही बर्ताव करें और सम्मानपूर्वक उनकी बात सुने। किसी को भी भटकने की जरूरत न पड़े। कहा कि अधिकारी और कर्मचारी अपने ड्यूटी में रोज निर्धारित समय में पहुंचे।
पदभार ग्रहण करने के दौरान उनकी धर्मपत्नी स्वर्णलता शर्मा यादव, नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, तुषार कदम, भारत यादव, आकाश राजपूत, सुमित्रा निराला, कुलेश्वर साहू, रेखा-कुलेश्वर साहू, सुरेश पटेल, अजय पटेल, बलराम यादव, राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू, महामाया प्रबंध समिति के अध्यक्ष लिलेश्वर यदु, ताराचंद मेघवानी, सुनील तिवारी, पवन सोनी, रामकुमार साहू, साधु निषाद, नीतू जैन, सिंटु सौरभ जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
अधिकारी और कर्मचारियों की ली बैठक
पदभार ग्रहण करने के बाद अध्यक्ष महेश यादव ने राजिम नगर पंचायत के अधिकारी और कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने हर विभागों के प्रभारी से उनके कार्यो के बारे में जानकारी ली। कहा कि अब ढर्रा नही चलेगा, काम तत्परता से करने होंगे। लोगो की समस्याओं को गंभीरता से लेकर हल करने की दिशा में काम करना होगा।