गरियाबंद

सही जानकारी से ही पहुंचेगा विकास हर घर तक-साहू
21-Apr-2026 5:58 PM
सही जानकारी से ही पहुंचेगा विकास हर घर तक-साहू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 21 अप्रैल।
जनगणना 2027 को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने हेतु क्षेत्र में अपील जारी की गई है। इस संबंध मे पूर्व जिला पंचायत सदस्य व भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू ने सभी नागरिकों से जनगणना में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

उन्होंने कहा कि जनगणना केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं है,बल्कि देश और क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का निर्माण करती है, जिससे हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
चंद्रशेखर साहू ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग स्व-गणना में बढ़-चढक़र भाग लें तथा अपने परिवार की सही और पूर्ण जानकारी दर्ज करें। उन्होंने यह भी कहा कि जब प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करें, तब उनका सहयोग करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि सटीक और सही जानकारी से ही विकास की योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू हो सकती हैं। यदि आंकड़े सही होंगे, तो शासन-प्रशासन द्वारा बनाई गई योजनाएं जरूरतमंद लोगों तक आसानी से पहुंच पाएंगी और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ सुनिश्चित होगा।
अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि जनगणना 2027 को सफल बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं और देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनें।


अन्य पोस्ट