गरियाबंद
‘फायर’ और ‘वॉटर’ वॉचर्स बने मजबूत ढाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 20 अप्रैल। उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के उप निदेशक वरुण जैन ने बताया कि छत्तीसगढ़ के उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व ने मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए अभिनव और प्रभावी कदम उठाते हुए अपने सभी 143 फॉरेस्ट बीट्स में ‘फायर वॉचर्स’ और ‘वॉटर वॉचर्स’ की विशेष टीमों की तैनाती की है। यह पहल रिजर्व के कोर और बफर क्षेत्रों से जुड़े लगभग 120 गांवों में वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभा रही है।
गर्मी में बढ़ता खतरा, उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व की सटीक रणनीति , गर्मी के मौसम में जंगलों में आग लगने और जल स्रोतों के सूखने से भालू, तेंदुए, लकड़बग्घे और हाथी जैसे वन्यजीव अक्सर आबादी की ओर रुख करते हैं, जिससे संघर्ष की आशंका बढ़ जाती है। इस चुनौती से निपटने के लिए उस्तर ने एकीकृत रणनीति लागू की है।
आग पर सख्त निगरानी
फायर वॉचर्स टीम नियमित पैदल गश्त के साथ थर्मल ड्रोन के जरिए जंगल की निगरानी कर रही है। उनकी सतर्कता से आगजनी के आरोप में 23 लोगों को पकड़ा गया है, जिससे जंगल में आग की घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है।
जंगल में ही पानी की व्यवस्था
वन्यजीवों को जंगल के भीतर ही रोकने के लिए 750 से अधिक छोटे जल स्रोत (झिरिया) बनाए गए हैं। साथ ही, चिन्हित क्षेत्रों में 26 सौर-संचालित पंप स्थापित किए गए हैं, जिससे पानी की उपलब्धता बनी हुई है और जानवर बस्तियों की ओर नहीं जा रहे।
अवैध शिकार पर भी सख्ती , इन प्रयासों से अवैध शिकार पर भी लगाम लगी है। एंटी-पोचिंग टीम द्वारा अंतर-राज्यीय शिकारी गिरोहों पर कार्रवाई की गई है। साथ ही, सैटेलाइट आधारित मॉनिटरिंग के जरिए आग और सूखते जल स्रोतों पर नजर रखी जा रही है।
तीन साल में शून्य हताहत
इन समन्वित प्रयासों का ही परिणाम है कि पिछले तीन गर्मी के मौसमों में उस्तर क्षेत्र में मानव या वन्यजीव हताहत का एक भी मामला सामने नहीं आया। यह उपलब्धि उस समय और महत्वपूर्ण हो जाती है, जब स्थानीय ग्रामीण महुआ, साल बीज, चिरौंजी और तेंदूपत्ता जैसे लघु वनोपज संग्रहण में सक्रिय रहते हैं।
मॉडल के रूप में उभर रहा उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व
यह समग्र और संतुलित मॉडल पारिस्थितिक संरक्षण और सामुदायिक सुरक्षा के बीच बेहतर तालमेल का उदाहरण बनकर उभर रहा है, जो देश के अन्य संवेदनशील वन क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणादायक है।





