राजनांदगांव

नपं उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा की एकतरफा जीत
20-Mar-2025 3:12 PM
नपं उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा की एकतरफा जीत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 मार्च।
नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी के उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा के पवन गुप्ता कांग्रेस के रितेश मेश्राम को 6 मतों से परास्त कर उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए।  15 पार्षद व एक अध्यक्ष सहित 16 लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी को मात्र 5 वोट व चुनाव में विजयी हुए भाजपा प्रत्याशी को 11 मत मिले।

नगा पंचायत अध्यक्ष व पार्षदों के सोमवार को शपथ ग्रहण के बाद बुधवार को नगर पंचायत का प्रथम सम्मिलन हुआ।  पहले सम्मिलन में नगर पंचायत उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए गहमा-गहमी का माहौल था।  उपाध्यक्ष चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के मैदान में नहीं उतरने से चुनाव एकतरफा हो गया। 

नगर पंचायत चुनाव परिणाम सामने आने के बाद नगर में महीनेभर से चर्चा थी कि निर्दलीय अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी अपना स्वतंत्र प्रत्याशी उतार सकते हैं।  इसी भय में चुनाव से एक दिन पूर्व कांग्रेस व भाजपा ने अपने चुने हुए पार्षद को अज्ञातवास में ले गए थे। हालांकि नगर में निर्दलीय पार्षदों की संख्या मात्र दो ही थी, लेकिन एक अध्यक्ष को मतदान का अधिकार होने के कारण निर्दलीय की संख्या बढक़र तीन हो गई थी। नगर पंचायत अध्यक्ष मानिकपुरी ने उपाध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी को चुनाव में नहीं उतारा और स्वतंत्र प्रत्याशी को चुनाव में भाग लेने खुला छोड़ दिया। जिसके बाद भाजपा ने बड़ी आसानी से कांग्रेस प्रत्याशी को पछाड़ते उपाध्यक्ष की कुर्सी हासिल कर लिया। 

बैठक में ही नहीं पहुंचे विधायक व  पार्षद
नगर पंचायत उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा की जीत से ज्यादा नगर व वनांचल में इस बात की चर्चा थी कि कांग्रेस संगठन की बैठक में पार्टी के विधायक भोलाराम साहू व कांग्रेस के 5 निर्वाचित पार्षद ही नहीं पहुंचे।  प्रत्याशी चयन के लिए संगठन द्वारा सुबह 10 बजे बुलाई गई बैठक में पार्टी के ही विधायक व निर्वाचित पार्षद पहुंचे ही नहीं और उन्होंने बिना पार्टी से अधिकृत हुए ही कांग्रेस की ओर से चुनाव में नामांकन दािखल कर दिया। दोपहर 12 बजे तक बैठक में इतंजार कर रहे पार्टी के छग प्रदेश कांग्रेस के महामंत्रीद्वय शाहिद भाई व डॉ. थानेश्वर पाटिला तथा छग प्रदेश कांग्रेस के सचिव मेहुल मारू, छग प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुत महामंत्री डॉ. आफताब आलम व जिलाध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार धुर्वे व पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक वर्मा व वरिष्ठ नेता रामगोपाल शर्मा को जब यह सूचना मिली कि कांग्रेस की ओर से उपाध्यक्ष चुनाव के लिए रितेश मेश्राम ने नामांकन दाखिल कर दिया है तो फिर कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं को बैठक खत्म कर निराश लौटना पड़ गया। 

कांग्रेस नहीं हारी अहंकार हारा - मानिकपुरी 
नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने उपाध्यक्ष चुनाव में आए नतीजे पर  कहा कि यह कांग्रेस की हार नहीं है। कांग्रेस पार्टी ने तो किसी को अधिकृत ही नहीं किया था। यह हार व्यक्ति के अहंकार की है। उन्होंने कहा कि जब कोई वयक्ति अपने को पार्टी से बड़ा समझने लगता है और अपनी इच्छाओं की पूर्ति  के लिए संगठन को नीचा दिखाने की कोशिश करता है। तो ऐसा परिणाम आना स्वभाविक है।  उन्होंने कहा कि  यदि समय रहते पार्टी ने कड़ा निर्णय नहीं लिया तो कार्यकर्ता अपने नेताओं की मनमानी की परिणाम को भोगते रहेंगे।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news