‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 16 मार्च। सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों और जवानों ने एकजुट होकर होली को उत्साहपूर्ण तरीके से मनाया और एक दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। जवानों ने अपनी दैनिक जिम्मेदारियों से थोड़ी देर के लिए अलग होकर इस पारम्परिक भारतीय त्यौहार का आनंद लिया।
इस उत्साहपूर्ण समारोह में, श्री हरी लाल, महानिरीक्षक कमांड मुख्यालय सीमा सुरक्षा बल छत्तीसगढ़, विशेष रूप से रायपुर से अंतागढ़ के तालाबेड़ा कैम्प में 129 वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल के साहसी जवानों के साथ होली का त्योहार मानने के लिए पहुंचे।
इस कार्यक्रम में 129 वीं वाहिनी के अधिकारियों, अधिनस्थ अधिकारियों और जवानों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया, जिससे एकता और खुशी का वातावरण बना। होली का उत्सव न केवल जीवंत सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक माना जाता है, बल्कि सीमा सुरक्षा बल के कार्मिकों में आपसी सौहार्द और लचीलेपन का भी प्रमाण मिलता है।
सीमा सुरक्षा बल का यह प्रयास अपने कर्मयोगियों को सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव का अनुभव देने का है, जिससे वे देश की सेवा में ओर भी प्रेरित हो सकें।
इस दौरान, जवानों के बीच आपसी स्नेह और सहयोग की भावना को भी बढ़ावा मिला, जिससे यह आयोजन और भी यादगार बन गया। सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों ने जवानों के समर्पण और सेवा की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।