बस्तर

बस्तर में स्वास्थ्य योजनाओं पर उन्मुखीकरण कार्यशाला
17-Feb-2026 4:05 PM
बस्तर में स्वास्थ्य योजनाओं  पर उन्मुखीकरण कार्यशाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 17 फरवरी। बस्तर जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन आज महारानी अस्पताल के शहीद गुंडाधुर सभागार में किया गया। स्वास्थ्य विभाग (शहरी क्षेत्र) अंतर्गत शासन की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं पर आयोजित इस कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर संजय पांडे उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग के सभापति लक्ष्मण झा, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, डॉ. भंवर शर्मा तथा जिला प्रबंधक शहरी डॉ. पीडी बस्तैया सहित नगर निगम के पार्षद, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को मिली सराहना-सोमवार को शहरी स्वास्थ्य इकाई द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अपने संबोधन में महापौर संजय पांडे ने शहरी स्वास्थ्य केंद्रों द्वारा दी जा रही सेवाओं की सराहना की तथा योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को लक्ष्मण झा, राजेश चौधरी और डॉ. संजय बसाक ने भी संबोधित किया।

शहरी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी साझा-कार्यक्रम में शहरी क्षेत्र में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई। पार्षदों ने बताया कि इस कार्यशाला से उन्हें नई जानकारियां मिली हैं, जिससे वे आम जनता को बेहतर तरीके से जागरूक कर सकेंगे।

गुणवत्ता प्रमाण पत्र मिलने पर सम्मान-कार्यक्रम के दौरान जगदलपुर में संचालित तीनों शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को भारत सरकार स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक प्रमाण पत्र मिलने पर अधिकारियों को सम्मानित किया गया।

मातृत्व सुरक्षा अभियान के तहत सुविधाएं

वर्तमान में गीदम रोड शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा अभियान के तहत प्रत्येक माह 9 एवं 24 तारीख को निशुल्क सोनोग्राफी और प्रसव पूर्व जांच की सुविधा दी जा रही है। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निर्धारित दिनों में उपचार भी किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक ने जानकारी दी कि शहर के अन्य शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में भी निकट भविष्य में सोनोग्राफी, एक्स-रे और ईसीजी जैसी सुविधाएं शुरू की जाएंगी।

कार्यक्रम में डॉ. वीरेंद्र ठाकुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट