कोरिया

पंचायत चुनाव में भाजपा को बड़ी बढ़त, मोहित पैकरा ने किया बड़ा उलटफेर
24-Feb-2025 2:25 PM
पंचायत चुनाव में भाजपा को बड़ी बढ़त, मोहित पैकरा ने किया बड़ा उलटफेर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बैकुंठपुर (कोरिया), 24 फरवरी। कोरिया जिले में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी बढ़त हासिल की है। इस चुनाव में सबसे बड़ा उलटफेर तब देखने को मिला, जब जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 5 से भाजपा समर्थित मोहित पैकरा ने कांग्रेस के दिग्गज नेता वेदांती तिवारी को पीछे छोड़ते हुए जीत की ओर कदम बढ़ा दिए।

23 फरवरी को हुए मतदान के बाद रातभर मतगणना को लेकर गहमागहमी बनी रही। देर रात जैसे ही मोहित पैकरा की बढ़त की खबर आई, भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल छा गया। मोहित पैकरा अपने समर्थकों के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने उनका भव्य स्वागत किया और उन्हें जीत की बधाई दी। इस अवसर पर बसंत राय, तीरथ राजवाड़े, शारदा गुप्ता, धीरेंद्र साहू, सत्येंद्र राजवाड़े समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यालय के बाहर जमकर आतिशबाजी की गई और भाजपा की इस बड़ी सफलता का जश्न मनाया गया।

वेदांती तिवारी की हार बनी चर्चा का विषय

वेदांती तिवारी की हार को इस चुनाव का सबसे बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। पूर्व वित्त मंत्री स्व. डॉ. रामचंद्र सिंहदेव के राजनीतिक उत्तराधिकारी माने जाने वाले वेदांती तिवारी ने 2008 और 2013 में कांग्रेस के टिकट पर बैकुंठपुर विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन दोनों बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2018 में कांग्रेस ने उन्हें टिकट देने के बजाय अंबिका सिंहदेव को उम्मीदवार बनाया, जो चुनाव जीत गईं।

 इसके बाद वेदांती ने निर्दलीय जिला पंचायत सदस्य के रूप में चुनाव लड़ा और जीत दर्ज करते हुए जिला पंचायत कोरिया के उपाध्यक्ष बने। अपने कार्यकाल के दौरान वे कई बार कांग्रेस के मंच से वंचित रहने के कारण असंतोष जताते देखे गए।

भाजपा को 5, कांग्रेस को 1 सीट

अब तक के चुनावी रुझानों में भाजपा ने जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 1, 2, 5 और 6 में जीत दर्ज की है, जबकि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने क्षेत्र क्रमांक 9 और 10 पर बढ़त बनाई है। क्षेत्र क्रमांक 3 और क्षेत्र क्रमांक 4 से निर्दलीय प्रत्याशियों ने बढ़त बनाई है। सोनहत की दो सीटों में से एक भाजपा समर्थित और एक कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। इस तरह कांग्रेस को पूरे जिले में मात्र 1 सीट से संतोष करना पड़ा है, जो पार्टी के लिए बड़ा झटका साबित हुआ है।

भाजपा का जिला पंचायत अध्यक्ष बनना तय

कोरिया जिले में भाजपा ने स्पष्ट बढ़त बना ली है और जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर उसका काबिज होना लगभग तय माना जा रहा है। अब तक 5 भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत तय मानी जा रही है, और यदि क्षेत्र क्रमांक 4 के निर्दलीय प्रत्याशी भाजपा के साथ आते हैं, तो भाजपा आसानी से 6 सदस्यों का बहुमत हासिल कर लेगी।

देवेंद्र तिवारी के नेतृत्व में भाजपा की एकजुटता

भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी के नेतृत्व में पार्टी ने इस चुनाव में पूरी एकजुटता दिखाई। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी, जिसका सकारात्मक परिणाम इस चुनाव में साफ नजर आया। इससे पहले हुए नगर पंचायत चुनाव में भी भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया था।

भाजपा की इस बड़ी जीत के साथ समर्थकों में भारी उत्साह है, और यह नतीजे भविष्य में भी पार्टी के मजबूत प्रदर्शन का संकेत दे रहे हैं।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news