राजनांदगांव

कलेक्टर-एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
18-Feb-2025 4:09 PM
कलेक्टर-एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 18 फरवरी। मोहला-मानपुर-अं. चौकी कलेक्टर तुलिका प्रजापति एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह ने सोमवार को स्थानीय निर्वाचन, पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत मानपुर जनपद पंचायत के विभिन्न मतदान केंद्रों में पहुंचकर मतदान प्रक्रिया एवं व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाताओं से भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। निरीक्षण के दौरान मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्था, आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था, मतदान के प्रति मतदाताओं का रुझान की जानकारी ली। कलेक्टर एवं एसपी दिनभर मानपुर में उपस्थित रहे। इस दौरान वे मतदान की जानकारी लेते रहे। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी  विजेंद्र सिंह पाटले ने मानपुर के विभिन्न मतदान केंद्रों में पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पितांबर पटेल साथ थे।

 शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न: जनपद पंचायत मानपुर के सभी ग्राम पंचायत में शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न हुआ। नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के चलते शांतिपूर्ण, पारदर्शितापूर्वक निर्वाचन संपन्न कराना एक बड़ी चुनौती था। जिला प्रशासन एवं पुलिस पुलिस प्रशासन द्वारा की चाक-चौबंद व्यवस्था के चलते सभी ग्राम पंचायत में शांतिपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुआ। मतदाताओं ने निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

  कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं: जनपद पंचायत मानपुर के अंतर्गत सभी ग्राम पंचायत में शांतिपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होने पर कलेक्टर ने निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारी कर्मचारियों, स्थानीय मतदाताओं, निर्वाचन कार्य नियुक्त सुरक्षा कर्मियों, मीडिया कर्मियों, क्षेत्र के नागरिकगणों के प्रति आभार प्रकट किया है। कलेक्टर ने कहा कि सभी के प्रयास से निर्वाचन बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से शांतिपूर्ण संपन्न हुआ है।

संदिया ने लोकतंत्र में दिखाया विश्वास

नक्सल प्रभावित क्षेत्र के मानपुर विकासखंड के ग्राम कनेरी की निवासी संदिया रावटे ने इस बार पहली बार मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों के बावजूद संदिया ने लोकतंत्र में अपनी आस्था दिखाते मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मतदान को लेकर अक्सर डर और असमंजस की स्थिति बनी रहती है, लेकिन इसके बावजूद संदिया जैसे युवाओं की भागीदारी लोकतंत्र को और मजबूत करने का संकेत देती है। पहली बार वोट डालने के अनुभव को साझा करते  संदिया ने कहा मुझे गर्व महसूस हो रहा है कि मैंने अपने मताधिकार का उपयोग किया। यह हमारा हक और कर्तव्य दोनों है। प्रशासन और सुरक्षा बलों के प्रयासों से क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि मतदान को लेकर ग्रामीणों में भी खासा उत्साह देखा गया। संदिया रावटे जैसे जागरूक युवा देश के लोकतंत्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news