राजनांदगांव

कल स्टेशनपारा में दो दिवसीय भव्य आयोजन
18-Apr-2026 5:04 PM
कल स्टेशनपारा में दो दिवसीय भव्य आयोजन

मंत्रोच्चार के साथ बालाजी का होगा महाभिषेक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 अप्रैल
। श्री तिरूपति बालाजी मंदिर स्टेशनपारा ओवरब्रिज के नीचे दो दिवसीय भव्य आयोजन किया जा रहा है। कल 19 अप्रैल को सुबह 9 बजे से 108 कलश एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री वेंकटेश्वर ‘बालाजी’ का महाभिषेक किया जाएगा।

 उक्त अवसर पर मात्र 108 भक्तजनों को ही सपरिवार उपस्थित होकर अपने नाम एवं गोत्र के साथ संकल्प कर महाअभिषेक करने का पुण्य लाभ प्राप्त होगा। अभिषेक के पश्चात भगवान श्री बालाजी का चंदन के साथ विशेष श्रृंगार किया जाएगा। जिसमें भक्तजनों को भगवान श्री वेंकटेश्वर के मंत्रमुग्ध स्वरूप के दर्शन का अविस्मरणीय अवसर प्राप्त होगा। उक्त श्रृंगार एवं महाअभिषेक हेतु दक्षिण भारतीय विशिष्ट पंडितों को आमंत्रित किया गया है।
विवाह की पूर्व संध्या 19 अप्रैल को 7 बजे दीपोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत  सम्पूर्ण मंदिर  दीपक की रौशनी से जगमगाएगा। जिसमें  भक्तजनों को  मंदिर की अलौकिक छवि देखने का अवसर प्राप्त होगा।  दीपोत्सव  के  पश्चात  शाम 7.30 बजे  भगवान की महाआरती  का आयोजन किया गया है। महाआरती के पश्चात्  भक्तजनों  द्वारा भगवान को अर्पित छप्पन भोग  प्रसादी का वितरण किया जाएगा। आगामी 20 अप्रैल को सुबह 9.30 बजे से भगवान बालाजी का माता श्रीदेवी एवं भूदेवी संग पूर्ण विधि विधान के साथ विवाह का आयोजन किया जाएगा। जिसमें तीन मुख्य यजमान सपत्नीक उपस्थित होकर विवाह सेवा का पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
 विवाह पश्चात दोपहर 12.30 बजे से भक्तजनों हेतु महाप्रसादी ‘भंडारा’ का आयोजन किया गया है । श्री तिरुपति बालाजी धर्मार्थ सेवा  समिति  ने  उक्त आयोजन  में भक्तजनों हेतु तीन सेवाएं  विवाह सेवा, सवामनी सेवाए एवं  अभिषेक सेवा का आयोजन किया गया है। जिसके माध्यम से  भक्तजन  सपरिवार उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित कर सकते हैं। उक्त जानकारी श्री तिरूपति बालाजी धर्मार्थ सेवा समिति ने दी।


अन्य पोस्ट