राजनांदगांव
8 नाबालिग व 21 गुमशुदा के लिए पुलिस चला रही अभियान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 अप्रैल। आपरेशन मुस्कान एवं आपरेशन तलाश में केसीजी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बीते 1 अप्रैल 2026 से चलाए जा रहे आपरेशन मुस्कान के तहत अब तक 8 नाबालिग बालक-बालिका एवं आपरेशन तलाश के तहत अब तक 21 गुमशुदा व्यक्तियों को अलग-अलग स्थानों से सकुशल बरामद किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार बीते 01 अप्रैल 2026 से पूरे अप्रैल माह आपरेशन तलाश एवं आपरेशन मुस्कान अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें जिला केसीजी पुलिस टीम द्वारा गुजरात, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश राज्य सहित छत्तीसगढ़ राज्य के विभिन्न जिला में जाकर लगातार कार्रवाई करते आपरेशन मुस्कान में जहां 08 बालक-बालिकाओं को बरामद किया। वहीं आपरेशन तलाश के तहत 21 गुमशुदा व्यक्तियों को मिलाने में सफलता दिखलाई।
इसी तारतम्य में थाना खैरागढ़ से आपरेशन मुस्कान में 01 बालिका एवं आपरेशन तलाश में 03 गुमशुदा व्यक्ति, थाना छुईखदान से आपरेशन मुस्कान में 03 बालिका एवं आपरेशन तलाश में 08 गुमशुदा व्यक्ति, थाना गंडई से ऑपरेशन मुस्कान में 03 बालिका एवं आपरेशन तलाश में 08 गुमशुदा व्यक्ति, थाना साल्हेवारा से आपरेशन मुस्कान के तहत 01 बालिका, थाना ठेलकाडीह से आपरेशन तलाश के तहत 01, थाना गातापार आपरेशन तलाश के तहत 01 गुमशुदा व्यक्तियों को उनके परिजनों से मिलाने में पाई सफलता पाई। आपरेशन मुस्कान एवं आपरेशन तलाश अभियान के तहत गुम इंसानों के दस्तयाबी की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


