राजनांदगांव

रमन के प्रयासों से क्षेत्र में करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण
18-Apr-2026 5:55 PM
रमन के प्रयासों से क्षेत्र में करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण

संतोष ने कहा-लगातार विकास की गंगा बह रही
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 अप्रैल।
विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के सतत प्रयासों से उनके विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। 17 अप्रैल को ग्राम टेडेसरा में आयोजित वर्चुअल उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के कई गांवों को विकास कार्यों की सौगात मिली।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने डॉ.  रमन सिंह के योगदान की सराहना करते उन्हें क्षेत्र विकास का प्रमुख सूत्रधार बताया। वर्चुअल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल ने कहा कि डॉ. रमन सिंह के अथक प्रयासों से राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं और आगे भी विकास की यह गंगा बहती रहेगी। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल में राजनांदगांव सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्य प्रभावित हो गए थे, लेकिन जनता ने पुन: भाजपा पर विश्वास जताकर विकास की राह को मजबूत किया है।

उन्होंने बताया कि ग्राम टेढ़ेसरा, अंजोरा, देवदा, कोपेडीह, धीरी और साकरा सहित विभिन्न गांवों में लगभग 86 लाख 70 हजार रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के अध्यक्षता पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश श्यामकर ने कहा कि डॉ. रमन सिंह के प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार की योजनाओं की भी प्रशंसा करते  कहा कि प्रदेश में हर काम तेजी से हो रहा है। उन्होंने ने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आम जनता को रसोई गैस जैसी आवश्यक सुविधाएं सरलता से उपलब्ध हो रही हैं।
वहीं महतारी वंदन योजना के तहत माताओं और बहनों को समय पर लाभ मिल रहा है। विशेष अतिथि जिला पंचायत सदस्य अंगेश्वर देशमुख ने क्षेत्र के विकास के लिए डॉ. रमन सिंह का आभार व्यक्त करते कहा कि उनके नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार सुविधाएं बढ़ रही हैं। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत टेडेसरा सरपंच खिलेश्वर साहू, भाजपा नेता योगेश खत्री, मनीष गोलछा सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे। समारोह में ग्रामीणों ने क्षेत्र में जारी विकास कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त की है।


अन्य पोस्ट