‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 फरवरी। मौसम तंत्र में बदलावों की वजह से बीते 2 दिनों से शहर सहित अंचल में ठंड एक बार फिर लौट आई है। फलस्वरूप लोग सुबह तथा रात में जैकेट तथा गर्म कपड़ों का इस्तेमाल फिर से करने लग गए। उत्तरी-पश्चिमी सर्द हवाओं की वजह से भी तापमान में एकाएक गिरावट आई है। सुबह का तापमान कम, दोपहर का तापमान अधिक तथा रात का तापमान पुन: कम होने की वजह से इसका स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है।
लिहाजा इन दिनों बार-बार मौसम के उतार-चढ़ाव की वजह से सर्दी.खांसीए बुखार के मरीजों में ईजाफा होने लगा है। खासतौर पर एलर्जी के मरीजों में वृद्धि हुई है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले 24 घंटे में मौसम में कोई बदलाव के संकेत नहीं है। लेकिन सुबह और रात में ठंड स्थिर रहेगी। प्राय: फरवरी माह में गर्मी शुरू हो जाती है। लेकिन इस बार फरवरी माह के पखवाड़े भर बाद भी ठंड पड़ रही है।
कहा जा रहा है कि इस साल फरवरी के अंतिम में हल्की गर्मी का अहसास होने लगेगा। जबकि मार्च और अप्रैल जमकर तपेंगे। इस साल सर्दियों के सीजन में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री के नीचे नहीं गया। वहीं सर्दियों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक पहुंच गया। इस तरह सर्दियों का ये सीजन गर्म गुजर गया। अधिकतर समय रात का पारा 9.6 से 13 डिग्री के बीच बना रहा। मौसम तंत्र में हर दिन हो रहे बदलावों की वजह से जिले में कभी ठंड तो कभी गर्मी पड़ रही है। वैज्ञानिकों ने मौसम चक्र का अध्ययन कर पाया कि अब आने वाले समय में फरवरी में भी खासी ठंड पड़ेगी।
यानी मौसम चक्र अनबैलेंस होने लगा है।