महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 27 फरवरी। छत्तीसगढ़ युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव जितेंद्र सिन्हा ने कांग्रेस नेतृत्व को पत्र लिखकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को छत्तीसगढ़ से राज्यसभा भेजे जाने की मांग की है। सिन्हा ने अपने पत्र में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और सांसद राहुल गांधी से इस संबंध में निर्णय लेने का आग्रह किया है। जितेंद्र सिन्हा का कहना है कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, आदिवासी स्वाभिमान और जनहित के मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने के लिए दीपक बैज को राज्यसभा भेजा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बैज का राजनीतिक सफर छात्र जीवन से शुरू होकर संगठनात्मक जिम्मेदारियों तक रहा है ।
और उन्होंने विधायक एवं सांसद के रूप में भी कार्य किया है।
सिन्हा ने यह भी उल्लेख किया कि प्रदेश के किसानों की आय, आदिवासी अधिकार, वनाधिकार कानून, बेरोजगारी और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को संसद में मजबूती से उठाने के लिए एक जमीनी और सक्रिय नेता की आवश्यकता है।
उन्होंने पार्टी नेतृत्व से कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है।


