महासमुन्द
महासमुंद, 26 फरवरी। पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट को केवल मोदी के तारीफों का पुलिंदा बताते हुए जन आकांक्षाओं के विपरीत व प्रदेश वासियों को निराश करने वाला निरूपित किया है। श्री चंद्राकर ने कहा कि बजट में विधान सभा चुनाव के दौरान की गई घोषणाओं का जिक्र नहीं किया गया है। महिलाओं को 500 रुपए में रसोई गैस, बेरोजगार युवाओं से किए वादे को बजट में नजर अंदाज किया गया है। प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में कोई घोषणा नहीं हुई है। 33 हजार शिक्षकों की भर्ती को लेकर भी कोई प्रावधान नहीं किया गया। युवाओं के लिए रोजगार सृजन की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। बीएड अभ्यर्थी और संविदा कर्मचारी हड़ताल पर हैं, परंतु बजट में उनकी समस्याओं का कोई जिक्र नहीं किया गया।
उनका कहना है कि प्रदेश के दैवेभो कर्मियों को नियमित करने का वादा था। कर्मचारी आशान्वित थे कि उनकी नियमितीकरण को लेकर विशेष पहल होगी। लेकिन उन्हें भी निराश किया गया। महाविद्यालयीन छात्राओं को मासिक ट्रेवलिंग अलाउंस देने का वादा कर सरकार बनाने वाली भाजपा की साय सरकार ने तीसरे बजट में भी कोई विशेष पैकेज की घोषणा नहीं की। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी कोई स्पष्ट योजना सामने नहीं आई है। विश्व विख्यात सिरपुर को राष्ट्रीय पटल पर सामने लाने विशेष घोषणाएं नहीं होने से उपेक्षित रहा। सिरपुर विकाश प्राधिकरण को अलग से राशि जारी न कर सरकार ने सिरपुर के ऐतिहासिक महत्ता को नजर अंदाज किया है। खेतिहर भूमिहीन किसानों के लिए जितनी राशि का प्रावधान किया गया हैए वह ऊंट के मुंह में जीरा के समान है। प्रदेश में 500 नई मोबाइल टावर लगाने का प्रावधान कर साय सरकार ने उद्योगपति मित्रों का विशेष ध्यान रखा। जबकि गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवाओं, महिलाओं के हितों को पूरी तरह दरकिनार किया है। यह बजट पूरी तरह निराश करने वाला प्रदेशवासियों की हितों पर कुठाराघात है।


