महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 फरवरी। सांकरा पुलिस ने अवैध रूप से डीजल संग्रहण एवं बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम सांकरा से 200 लीटर डीजल जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। ज्वलनशील पदार्थ को बिना सुरक्षा प्रबंध के रखने के इस मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना सांकरा क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सांकरा निवासी देवानंद साव अपने घर में भारी मात्रा में डीजल अवैध रूप से संग्रहित कर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के निवास पर दबिश दी। मौके पर जांच के दौरान 200 लीटर डीजल बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के रखा पाया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में यह तथ्य भी उजागर हुआ कि आरोपी ट्रक चालकों से कथित रूप से चोरी का डीजल खरीदकर अवैध रूप से बेचता था। मामले में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 287 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज किया है। 200 लीटर डीजल कीमत 19 हजार 600 रुपए, विभिन्न पाइप, प्लास्टिक की चाड़ी, तरल पदार्थ मापने के एल्युमिनियम लीटर, खाली प्लास्टिक जरकिन एवं एल्युमिनियम टब सहित कुल 23 हजार 50 रुपए मूल्य की सामग्री जब्त की गई है। साथ ही आरोपी देवानंद साव को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया गया है।


