सरगुजा

भाजपा की अंबिकापुर में 10 बरस बाद जीत, पहली महिला महापौर बनीं मंजूषा
15-Feb-2025 10:09 PM
भाजपा की अंबिकापुर में 10 बरस बाद जीत, पहली महिला महापौर बनीं मंजूषा

31 वार्डों में बीजेपी, 15 में कांग्रेस और 2 निर्दलीय प्रत्याशी जीते

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 15 फरवरी। नगर निगम अंबिकापुर के महापौर व पार्षद प्रत्याशियों का चुनाव परिणाम आते ही भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। भाजपा महापौर प्रत्याशी मंजूषा भगत 11063 वोटों से चुनाव जीतकर अंबिकापुर की पहली महिला महापौर बनीं, वहीं 48 वार्डों में से 32 में भाजपा ने अपने पार्षद प्रत्याशी जिताकर वार्डों में बहुमत के साथ अपना कब्जा जमाया, 15 वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है, वहीं 2 वार्डों में निर्दलीयों की जीत हुई।

धमाकेदार जीत के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल तथा लूंड्रा विधायक प्रबोध मिंज के नेतृत्व में ढोल नगाड़े, पटाखे व फूल मालाओं के साथ खुशी से झूमते, नारा लगाते तथा विजयी शंखनाद करते भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ताओं की रैली मतगणना स्थल पालीटेक्निक कॉलेज से निकलकर महामाया मंदिर पहुंची ,जहाँ महापौर प्रत्याशी मंजूषा भगत सहित सभी विजयी पार्षद प्रत्याशियों ने मत्था टेक माँ का आशीर्वाद लिया।

अंबिकापुर की जनता का कोटि कोटि आभार, सबकी उम्मीदों पर खरा उतरूंगी- मंजूषा भगत

इस अवसर पर विजयी भाजपा महापौर प्रत्याशी मंजूषा भगत ने आम जनता के प्रति कृतज्ञता प्रगट करते हुए कहा कि अंबिकापुर की जनता का कोटि कोटि आभार, मैं सबकी उम्मीदों पर खरी उतरूंगी और अंबिकापुर शहर को विकसित अंबिकापुर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ूंगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने अंबिकापुर की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपने विकास की गति को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा को वोट दिया है, भाजपा की निगम सरकार शहर का चहुंमुखी विकास करके आपके प्रत्येक वोट की कीमत चुकाएगी।

इस अवसर पर अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल ने नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को आशीर्वाद के लिए आम जनता का अभिनंदन करते हुए कहा कि अंबिकापुर शहर की जनता ने नगर निगम में बीजेपी की सरकार बनाकर केंद्र व राज्य के डबल इंजन सरकार के साथ ट्रीपल इंजन को भी मजबूत कर दिया है, अब शहर के विकास में कोई कमी नहीं रहेगी।

 लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने आम जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि आज अंबिकापुर नगर निगम को अकर्मण्य पूर्ववर्ती सरकार से मुक्ति मिली है, अब भाजपा की निगम सरकार में हमारे शहर का चौतरफा विकास होगा।

 इस अवसर पर भाजपा वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर, नगरीय निकाय चुनाव संयोजक अखिलेश सोनी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरपाल सिंह भामरा, अंबिकेश केशरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

महापौर पद के लिए किसको कितने मिले वोट

अंबिकापुर नगर निगम में महापौर पद के लिए 6 प्रत्याशी मैदान में थे,जिसमें कांग्रेस की ओर से महापौर प्रत्याशी डॉ. अजय कुमार तिर्की को 31773 वोट पड़े तो वही भाजपा प्रत्याशी मंजूषा भगत को 42836 वोट मिला।बहुजन समाज पार्टी के प्रकाश सिंह को 340 मत,आम आदमी पार्टी के राजीव लकड़ा को 251 वोट, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के माधुरी सिंह शांडिल्य को 236 वोट एवं हमार राज पार्टी के तरुण कुमार भगत को 361 वोट मिला।

 प्रकाश साहू के नेतृत्व व अभय साहू

के सहयोग से 4 वार्डो में कमल

कांग्रेस छोडक़र भाजपा का दामन थामने वाले प्रकाश साहू के नेतृत्व और संगठन से जुड़े अभय साहू के सहयोग से चार ऐसे वार्डों में कमल खिला जो कि अप्रत्याशित है। प्रकाश साहू के भाजपा में प्रवेश के साथ उनकी पत्नी किरण साहू को भाजपा ने वार्ड क्रमांक 44 कबीर वार्ड  से अपना प्रत्याशी बनाया था। यहां उनकी टक्कर कांग्रेस से पार्षद रही सीमा सोनी के साथ थी।

इस वार्ड से किरण साहू ने सबसे बड़े अंतराल 864 वोट से कांग्रेस को मात दी। इस वार्ड से किरण साहू को 1281 और कांग्रेस की सीमा शैलू सोनी को 417 वोट हासिल हुए। इस तरह प्रकाश साहू और अभय साहू के नेतृत्व में भाजपा ने वार्ड क्रमांक 43 डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद वार्ड में भी कमल खिलाया। यहां भाजपा की ममता तिवारी ने कांग्रेस की शशि कला तिवारी को मात दी। ममता तिवारी को 939 और शशिकला तिवारी को 338 वोट मिले।

वार्ड क्रमांक 45 डॉ. भीमराव अंबेडकर वार्ड के भाजपा प्रत्याशी अशोक सोनवानी को एक बार फिर से जनता ने अपनाया। इससे पहले भाजपा से उनकी पत्नी भारती सोनवानी पार्षद थी। इस बार अशोक सोनवानी को 804 व कांग्रेस के प्रत्याशी सुदामा कुर्रे को 387 वोट मिले। इसी वार्ड से निर्दलीय प्रत्याशी नीलकंठ ने 276 वोट हासिल किया।

प्रकाश साहू और अभय साहू की सक्रियता से एक और वार्ड ऐसा सामने आया, जहां भाजपा की पहली बार जीत हुई। वह वार्ड है संत गहिरा गुरु वार्ड। आज तक इस वार्ड से कोई भी भाजपा का प्रत्याशी विजय हासिल नहीं कर सका था। इस बार वहां से कांग्रेस प्रत्याशी मनोज मिंज और भाजपा के सालिम केरकेट्टा चुनाव मैदान में थे। कांग्रेस प्रत्याशी को यहां जनता ने 1015 और भाजपा प्रत्याशी को 1554 वोट देकर भाजपा के पक्ष में अपना मतदान किया।

व्यवहार से पपिंदर ने जीता जनता का दिल

वार्ड क्रमांक 38 से कांग्रेस प्रत्याशी पपिंदर सिंह एक बार फिर अपने व्यवहार से जनता का दिल जितने में कामयाब रहे। इस वार्ड से भाजपा ने युवा नेता शुभम अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया था। वार्ड के सामाजिक दृष्टिकोण से शुभम अग्रवाल पपिंदर पर भारी पढ़ते हुए नजर आ रहे थे। परंतु शुभम अपने ही पार्टी के कुछ लोगों या फिर कहे सामाजिक कुछ लोगों के भीतर घात के कारण आखिरकार यह चुनाव हार गए। इस बार से कांग्रेस के पुपिंदर सिंह को 782 और शुभम अग्रवाल को 759 वोट मिले। शुभम को मात्र 23 बोट से हार का सामना करना पड़ा। ज्ञात हो कि इसी वार्ड से कुछ दिन पहले एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ मतदाताओं को वोट नहीं देने की बात भी सामने आई थी।

दो वार्ड से निर्दलीय जीते

नगर निगम में पार्षद के चुनाव में दो वार्डो से निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत हासिल की। नगर के वार्ड क्रमांक 40 रफी अहमद किदवई वार्ड से सिलाई मशीन छाप में खड़े हुए मोहम्मद हसन खान ने 1591 वोट पाकर अपने प्रतिद्वंदियों को पछाड़ा, वही वार्ड क्रमांक 27 गुरु नानक वार्ड में टिकट की दौड़ में पीछे रहने के बाद शैलेश कुमार सिंह ने निर्दलीय लड़ते हुए 819 वोट प्राप्त किया। इस वार्ड से भारतीय जनता पार्टी के पुराने नेता परमवीर सिंह बावरा और कांग्रेस के सुशील कसेरा को हार का सामना करना पड़ा।

कांग्रेस के कई दिग्गज हारे

नगर निगम पार्षद के चुनाव में कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं को हार का सामना करना पड़ा। काफी खर्च करने के बाद भी यह कांग्रेस नेता जीत हासिल नहीं कर सके। देवीगंज वार्ड से वरिष्ठ कांग्रेसी अजय अग्रवाल को हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस से अजय अग्रवाल को इस वार्ड से 386 और भाजपा के प्रत्याशी मनीष सिंह को 535 वोट हासिल हुए। वार्ड क्रमांक 7 वीर सावरकर वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी दितेंद्र मिश्रा को 741 वोट मिले वही उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के विपिन कुमार पांडे को 1140 वोट देकर जनता ने विजयी बनाया।

कांग्रेस से भाजपा में गए विजय सोनी की भी ऐतिहासिक जीत

शुरुआत से ही कांग्रेस के जुड़े कद्दावर नेता विजय सोनी के भाजपा में प्रवेश किए जाने से ही कांग्रेस में खलबली मच गयी थी। भाजपा में प्रवेश के साथ ही उन्हें वार्ड क्रमांक 24 लरंगसाय वार्ड से भाजपा ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया था। इस वार्ड से कांग्रेस के पहले से ही पार्षद रहे सतीश बारी से उनका मुकाबला था। बता दें कि वरिष्ठ नेता विजय सोनी समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान रखते हैं। इस वार्ड से जनता ने उन्हें भरपूर समर्थन दिया। यहां से विजय सोनी को 1056 वोट हासिल हुए वहीं सतीश कुमार बारी को 858 वोट हासिल हुए। यहां से कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।

सर्वाधिक मतों से कांग्रेस प्रत्याशी शफी अहमद ने की जीत दर्ज

अंबिकापुर नगर निगम के 48 वार्ड में भाजपा-कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशियों के जीत का अंतर देखा जाए तो सर्वाधिक मतों से डॉ. जाकिर हुसैन वार्ड से शफी अहमद खान ने 1730 मतों से जीत दर्ज की है। ज्ञात हो कि शफी अहमद कांग्रेस के बड़े दिग्गज नेता माने जाते हैं और वह जब से चुनाव लड़ रहे हैं एक बार भी चुनाव नहीं हारे हैं।वह नगर निगम में सभापति,लोक निर्माण विभाग के प्रभारी व पूर्व में श्रम कल्याण मंडल बोर्ड के अध्यक्ष रह चुके हैं।श्री अहमद के भारी मतों से जीत  दर्ज करने पर वार्ड वासियों में खुशी की लहर है।

48 वार्ड में से भाजपा-कांग्रेस के इन प्रत्याशियों ने की जीत दर्ज

वार्ड क्रमांक 01 से भाजपा प्रत्याशी कमलेश तिवारी, वार्ड क्रमांक 2 से भाजपा प्रत्याशी सुशांत घोष, वार्ड क्रमांक 03 से भाजपा प्रत्याशी निरंजन राय, वार्ड क्रमांक 04 से भाजपा प्रत्याशी विनय प्रभा तिग्गा, वार्ड क्रमांक 05 से भाजपा प्रत्याशी शिवमंगल सिंह, वार्ड क्रमांक 06 से भाजपा प्रत्याशी आलोक दुबे, वार्ड क्रमांक 07 से भाजपा प्रत्याशी विपिन कुमार पांण्डे, वार्ड क्रमांक 08 से इंण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी  लुकस एक्का, वार्ड क्रमांक 09 से भाजपा प्रत्याशी रविकांत उरांव, वार्ड क्रमांक 10 से इंण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी निमन राशि एक्का, वार्ड क्रमांक 11 से इंण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी जे. कुजूर (जेनेबिबा कुजुर), वार्ड क्रमांक 12 से भाजपा प्रत्याशी श्री मनोज गुप्ता, वार्ड क्रमांक 13 से भाजपा प्रत्याशी किरण दीपक सिंह तोमर, वार्ड क्रमांक 14 से भाजपा प्रत्याशी अनिता रविन्द्र गुप्त भारती, वार्ड क्रमांक 15 से भाजपा प्रत्याशी मनीष सिंह, वार्ड क्रमांक 16 से इंण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी गीता प्रजापति, वार्ड क्रमांक 17 से भाजपा प्रत्याशी श्रीमती सुमन मनोज कंसारी, वार्ड क्रमांक 18 से इंण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी संध्या कंसारी, वार्ड क्रमांक 19 से इंण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी शुभम जायसवाल, वार्ड क्रमांक 20 से भाजपा प्रत्याशी हरमिन्दर सिंह टिन्नी, वार्ड क्रमांक 21 से भाजपा प्रत्याशी विमला सोनी, वार्ड क्रमांक 22 से भाजपा प्रत्याशी श्वेता गुप्ता, वार्ड क्रमांक 23 से भाजपा प्रत्याशी जितेंन्द्र सोनी, वार्ड क्रमांक 24 से भाजपा प्रत्याशी विजय सोनी, वार्ड क्रमांक 25 से भाजपा प्रत्याशी पूनम विद्यानंद मिश्रा, वार्ड क्रमांक 26 से भाजपा प्रत्याशी विशाल गोस्वामी (दूधनाथ), वार्ड क्रमांक 27 से निर्दलीय शैलेश कुमार सिंह, वार्ड क्रमांक 28 से भाजपा प्रत्याशी दीपक यादव (रिंकू), वार्ड क्रमांक 29 से भाजपा प्रत्याशी विकास पांण्डेय, वार्ड क्रमांक 30 से भाजपा प्रत्याशी  शशि कान्त जायसवाल, वार्ड क्रमांक 31 से इंण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी कलीम भाई, वार्ड क्रमांक 32 से भाजपा प्रत्याशी शुभ्रा सोनी,वार्ड क्रमांक 33 से इंण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी मेघा खांडेकर, वार्ड क्रमांक 34 से भाजपा प्रत्याशी राहूल त्रिपाठी,वार्ड क्रमांक 35 से भाजपा प्रत्याशी श्रीमती सुषमा रोचक गुप्ता, वार्ड क्रमांक 36 से इंण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी मो. मेराज रंगरेज गुड्डू, वार्ड क्रमांक 37 से भाजपा प्रत्याशी प्रियंका गुप्ता, वार्ड क्रमांक 38 से इंण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी पपीन्दर सिंह (रवि), वार्ड क्रमांक 39 से इंण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी शफी अहमद खान, वार्ड क्रमांक 40 से निर्दलीय  प्रत्याशी मो. हसन खान, वार्ड क्रमांक 41 से इंण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी मो. बाबर, वार्ड क्रमांक 42 से इंण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी मो. अख्तर फिरदौसी, वार्ड क्रमांक 43 से भाजपा प्रत्याशी ममता तिवारी, वार्ड क्रमांक 44 से भाजपा प्रत्याशी किरण साहू, वार्ड क्रमांक 45 से भाजपा प्रत्याशी अशोक सोनवानी, वार्ड क्रमांक 46 से भाजपा प्रत्याशी सालिम केरकेट्टा, वार्ड क्रमांक 47 से इंण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी मीला तिर्की, वार्ड क्रमांक 48 से इंण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष कुमार सिंह पार्षद पद के लिए जीत दर्ज की।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news