सरगुजा

रेंजर व फॉरेस्ट गार्ड पर जंगल भूमि बेचने का आरोप, ग्रामीणों ने मुख्य वन संरक्षक से की शिकायत
16-Feb-2026 9:48 PM
रेंजर व फॉरेस्ट गार्ड पर जंगल भूमि बेचने का आरोप, ग्रामीणों ने मुख्य वन संरक्षक से की शिकायत

महिलाएं जंगल बचाने आगे आईं, अवैध कब्जे पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 16 फरवरी। सरगुजा वन मंडल अंतर्गत अंबिकापुर वन परिक्षेत्र के बीट खालिबा में रेंजर एवं फॉरेस्ट गार्ड द्वारा लगभग 20 एकड़ वन भूमि को बेचने एवं अवैध कब्जा कराने का गंभीर आरोप सामने आया है। मामले को लेकर ग्राम खालिबा के सैकड़ों महिला-पुरुष ग्रामीणों ने अधिवक्ता डी.के. सोनी के नेतृत्व में मुख्य वन संरक्षक सरगुजा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और जंगल बचाने की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि बीट गार्ड एवं रेंजर द्वारा पुरानी सीपीटी गड्ढे की खुदाई न कर नई जगह पर सीपीटी गड्ढे खोद दिए गए तथा गांव के कुछ लोगों से मिलीभगत कर लगभग 20 एकड़ वन भूमि को छोड़ दिया गया। साथ ही ग्रामीणों के आने-जाने एवं निस्तार के रास्ते को भी बंद कर दिया गया। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो रेंजर एवं फॉरेस्ट गार्ड द्वारा सुनवाई नहीं की गई और उल्टा धमकी दी गई।

इस गंभीर मामले को लेकर अधिवक्ता डी.के. सोनी के माध्यम से मुख्य वन संरक्षक सरगुजा दिलराज प्रभाकर के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की गई। मुख्य वन संरक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वनमंडलाधिकारी सरगुजा को त्वरित जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अवैध रूप से वन भूमि पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा ऐसे मामलों में विभागीय अधिकारियों की संलिप्तता पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

ग्रामीणों ने कहा कि जंगल उनकी आजीविका और जीवन का आधार है, जिसे किसी भी कीमत पर नष्ट नहीं होने दिया जाएगा। महिलाएं भी जंगल बचाने की मुहिम में आगे आकर आंदोलन करने को तैयार हैं।


अन्य पोस्ट