सरगुजा

मतदाता सूची से नाम विलोपन के प्रयास पर थाने में शिकायत, नामजद एफआईआर की मांग
15-Feb-2026 10:30 PM
मतदाता सूची से नाम विलोपन के प्रयास पर थाने में शिकायत, नामजद एफआईआर की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,15 फरवरी। नगर में मतदाता सूची से नाम विलोपित कराने के कथित प्रयास को लेकर एक नागरिक ने थाना प्रभारी के समक्ष नामजद शिकायत प्रस्तुत की है। बरेजपारा निवासी परवेज आलम गांधी ने आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ निर्वाचन आयोग में फॉर्म-7 के माध्यम से झूठी एवं भ्रामक जानकारी देकर उन्हें मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया गया।

आवेदन में उन्होंने स्वयं को अंबिकापुर का स्थायी निवासी एवं विधिवत पंजीकृत मतदाता बताते हुए कहा है कि वे निरंतर अपने पते पर निवासरत हैं। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि प्रस्तुत आपत्ति तथ्यहीन, दुर्भावनापूर्ण तथा मनगढ़ंत है, जिसका उद्देश्य उनके वैधानिक मताधिकार को प्रभावित करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अवैध हस्तक्षेप करना प्रतीत होता है।

परवेज आलम गांधी ने थाना प्रभारी से जवाहर सिंह के विरुद्ध नामजद प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज करने की मांग की है। साथ ही फॉर्म-7 से संबंधित सर्वर लॉग, आईपी एड्रेस, टाइम-स्टैम्प और अन्य डिजिटल अभिलेख सुरक्षित कर वैज्ञानिक जांच कराने का अनुरोध किया है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

शिकायत में कहा गया है कि यह कृत्य लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत दंडनीय हो सकता है। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

आवेदक ने जांच में पूर्ण सहयोग देने की बात कही है। मामले को लेकर पुलिस द्वारा जांच उपरांत आवश्यक कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई जा रही है।


अन्य पोस्ट