‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 10 फरवरी। तुमराबहार से जंगली सूअर का शिकार करने वाले 3 आरोपियों को वन विभाग ने गिरफ्तार किया है। एक आरोपी फरार है। आरोप है कि इन्होंने पोटास बम लगाकर सूअर का शिकार किया। पकड़े गए तीनों आरोपी धमतरी शहर के स्टेशन पारा के रहने वाले हैं।
धमतरी वन रेंज के तुमराबहार के जंगल में जंगली सूअर का मांस बाइक से ले जाते 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। शिकारियों ने बेरहमी से पोटाश बम लगाकर सूअर का शिकार किया और उसका मांस काटकर बेचने की तैयारी में थे। शिकारियों के कब्जे से 24 किलो मांस, हथियार और इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पोटाश बम बरामद किया है।
पकड़े गए आरोपियों को रिमांड पर भेजा
धमतरी वन विभाग के रेंजर संदीप सोम ने बताया आरोपियों में अर्जुन सिंह 34 वर्ष, लखन सिंह भूराणी उम्र 25 वर्ष और आजाद सिंह उम्र 32 वर्ष को वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 32, 50 (स), 51, 44 (अ) के तहत गिरफ्तार किया गया है। स्टेशन पारा औद्योगिक वार्ड में रहने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पोटाश बम लगाकर जंगली सूअर का शिकार किया। पोटास बम को तालाब में रखा गया। सूअर जब पानी पीने पहुंचा, तो पोटाश बम सूअर के जबड़े में फट गया। शिकारी सूअर के मांस को बेचने की तैयारी में थे। इसी दौरान उन्हें गिरफ्तार किया गया।