धमतरी

उदंती के जंगल में दिखे दो तेंदुए वन विभाग ने अलर्ट किया
19-Jan-2026 7:15 PM
उदंती के जंगल में दिखे दो तेंदुए वन विभाग ने अलर्ट किया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 19 जनवरी। सीतानदी अभयारण्य की टीम एसडीओ के नेतृत्व में जंगल का निरीक्षण करने निकली थी, तब टाइगर रिजर्व के पहाड़ और घासवाले इलाके में तेंदुए का जोड़ा नजर आया। कैमरे में कैद दो तेंदुए काफी स्वस्थ दिखाई दे रहा है। तेंदुए के जोड़े की मौजूदगी से वन विभाग की टीम काफी खुश है।

उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व धमतरी के उप निदेशक वरूण जैन के हवाले से आई खबर में बताया गया है कि वन विभाग की टीम कल रात रुटीन प्रक्रिया के तहत जंगल में गश्त के लिए गई थी, तभी वन विभाग के कैमरे में तेंदुए का एक जोड़ा कैप्चर हुआ। जारी विडियो में नर और मादा तेंदुए एक साथ चहलकदमी और उछलकूद मचाते हुए नजर आ रहे हैं। सीतानदी उदंती टाइगर रिजर्व के उप निदेशक वरूण जैन ने तेंदुए के जोड़े के देखे जाने की पुष्टि की है।

बताया गया है फारेस्ट टीम के नियमित निरीक्षण से जंगली जानवर सुरक्षित और शिकारियों का खतरा कम होता है। रविवार रात वन विभाग जंगल में पेट्रोलिंग के लिए निकली थी तभी कैमरे में लेपर्ड कपल कैद हुआ। एोहतियात के तौर पर सीतानदी टाइगर रिजर्व के आस पास रहने वाले लोगों को सतर्क करते हुए वन विभाग की ओर से कहा गया है इलाके में तेंदुए का जोड़ा सक्रिय है, सुरक्षा के लिहाज गांव वाले सतर्क रहें। यहाँ पर यह बताना लाजमी होगा कि खाने पीने और पानी का भरपूर स्रोत होने के चलते धमतरी एवं कांकेर के वन क्षेत्र में अक्सर तेंदुए देखे जाते हैं। साथ ही यहां के रिजर्व फॉरेस्ट में बड़ी संख्या में दुर्लभ जीव जंतु भी पाए जाते हैं।


अन्य पोस्ट