एक दिन पहले भाजपा ने जुलूस के जरिये दिखाया दमखम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 फरवरी। नगरीय निकाय चुनाव में प्रचार के आखिरी दिन रविवार को कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी निखिल द्विवेदी के पक्ष में निकली रैली से राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। वहीं भाजपा ने भी शनिवार को अपने दिग्गज नेताओं के साथ जुलूस के जरिये दमखम दिखाया। आज देर रात 10 बजे प्रचार थम जाएगा। सोमवार को प्रत्याशी डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर मतदान से एक दिन पहले अपने लिए वोट मांगेंगे। कांग्रेस ने रैली निकालकर लोगों से जनसमर्थन मांगा। गाजे-बाजे के साथ शहर के कामठी लाइन, गुडाखू लाइन से निकली रैली में कार्यकर्ता हाथ कांग्रेस का झंडा लिए नारे लगाकर लोगों से पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे थे। कांग्रेस प्रत्याशी निखिल द्विवेदी एक जीप में सवार होकर लोगों से आत्मीय रूप से समर्थन मांग रहे थे। रैली में गिरीश देवांगन विशेष रूप से उपस्थित थे। इसके अलावा युवा नेता नीरज कन्नौजे ने भी समर्थन मांगा। रैली में हेमा देशमुख, शाहिद भाई, झम्मन देवांगन, मेहुल मारू, अमित चंद्रवंशी जैसे अन्य कांग्रेसी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस को विजयी बनाने की हाथ जोडक़र अपील की। इस बीच शनिवार को भी भाजपा ने अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। व्यापक जनसंपर्क के बीच भाजपा के जुलूस में सांसद संतोष पांडे, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह समेत अन्य नेता व कार्यकर्ताओं ने भाजपा के महापौर प्रत्याशी मधुसूदन यादव के पक्ष में जमकर प्रचार किया। आगामी 11 फरवरी को निर्धारित समय पर मतदान शुरू होगा। वहीं 15 फरवरी को नतीजे सामने आएंगे।