‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 जनवरी। शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय के इतिहास विभाग द्वारा सफलता के मूल सिद्धांतों पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में कलेक्टर संजय अग्रवाल शामिल हुए। कार्यक्रम के प्रारंभ में कॉलेज प्राचार्य डॉ. केएल दामले एवं डॉ. शैलेन्द्र सिंह द्वारा मुख्य वक्ता का स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन करते डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने कलेक्टर अग्रवाल के कार्यकाल का पूर्ण परिचय दिया। उनके सहज एवं सरल व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि सफलता के लिए दिन में सपने देखने होते हैं। सफलता मेहनत मांगती है। हमें सपने देखना जरूरी है। वह जागृत अवस्था में देखनी चाहिए।
सफलता प्राप्त करने के लिए समूह चर्चा पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए, अगर समय से परीक्षा की तैयारी की जाएगी तो परीक्षा में पहले का प्रेशर नहीं आएगा। किसी भी विषय पर तैयारी करने से पहले उसकी अवधारणा स्पष्ट होना जरूरी है। परीक्षा के पहले परीक्षा पैटर्न पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। साथ ही टाइम मैनेजमेंट भी जरूरी है। उन्होंने छोटे-छोटे उदाहरण देकर अपनी कमजोरियों को दूर करने के उपाय बताए। किसी भी चीज को लंबे समय तक कैसे याद किया जा सकता है। उन्होंने उदाहरण देकर समझाया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शैलेन्द्र सिंह तथा आभार हिरेन्द्र बहादुर ठाकुर द्वारा किया गया।
कलेक्टर अग्रवाल को इतिहास विभाग की ओर से प्रतिक चिन्ह प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्रो. संजय सप्तर्षि, डॉ. अजय शर्मा, हेमलता साहू, प्रतीक जैन, बिन्दु डडसेना सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।