सरगुजा

संगठित होकर प्रत्याशी को विजयी बनाना है- कश्यप
16-Jan-2025 10:26 PM
संगठित होकर प्रत्याशी को विजयी बनाना है- कश्यप

 नगरीय निकाय-पंचायत चुनाव पर जिला भाजपा की कार्यशाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर,16 जनवरी। नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनावों को लेकर आज संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में विशिष्ट अतिथि वन मंत्री केदार कश्यप एवं मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी ज्योतिनंद दुबे शामिल हुए। श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की अध्यक्षता में कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पार्टी ने सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में जीत दर्ज करने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी जिस भी प्रत्याशी को टिकट देगी, हमें संगठित होकर उस प्रत्याशी को विजयी बनाना है।

पिछले चुनावों में पूर्व जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के नेतृत्व की सराहना करते हुए जिला प्रभारी ज्योतिनंद दुबे ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भाजपा सरगुजा संगठन ने एकजुटता के साथ संघर्ष करके जिला के तीनों विधान सभा क्षेत्र और संसदीय क्षेत्र में कमल खिलाया है, और इसी समर्पण और जोश के साथ हमें आगे के नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में सभी सीट पर विजय हासिल करना है। नगरीय निकाय और पंचायतों में जब हम जीत हासिल करेंगे, तभी प्रदेश में भाजपा सरकार का होना सार्थक होगा।

आगे उन्होंने आगामी चुनाव तैयारी की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस ताक़त और मुस्तैदी के साथ हम सब ने यहाँ कमल खिलाया है, उसी समन्वय के साथ काम करना है।

संविधान गौरव अभियान विषय पर पूर्व जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने बताया कि गत चुनाव में जब भाजपा ने 400 पार का नारा दिया था तब कांग्रेसियों ने इसे ग़लत ढंग से प्रचार करने की कोशिश किया तथा भाजपा के भारी बहुमत आने का अर्थ कांग्रेसियों ने संविधान में छेड़छाड़ होना बताया। उन्होंने भारतीय संविधान के शिल्पकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदानों पर चर्चा किया ।

पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा भाजपा का नारा देते हुए ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी ने कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नगरी निकाय चुनाव की तैयारी को लेकर जोर-जोर से जुड़ चुकी है। हमारे पास बड़ा लक्ष्य है जिसे हमे मिल कर पूरा करना है। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार रहने के लिए निर्देशित किया और  संगठन की रणनीति से अवगत कराया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि जनता कांग्रेस से नाराज है। लेकिन हमें चुनाव को हल्के में नहीं लेना है पूरी तैयारी के साथ, अपने-अपने क्षेत्र में प्रचार अभियान को तेज करना है। हमें अपनी तरफ से भी पूरी तैयारी करनी चाहिए। निश्चित तौर पर इसका लाभ भाजपा को मिलेगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर ने जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं को कमर कस कर तैयार रहने को कहा। इस अवसर पर मंच संचालन संतोष दास एवं आभार प्रदर्शन विनोद हर्ष ने किया।

कार्यशाला में अनुराग सिंह देव,विधायक राजेश अग्रवाल,प्रबोध मिंज,विजय नाथ सिंह,विश्व विजय तोमर,कमलभान सिंह,अभिमन्यु गुप्ता,अंबिकेश केसरी,प्रशांत शंकर त्रिपाठी,देवनाथ पैंकरा,अभिषेक शर्मा,मुरारी लाल बंसल,आलोक दुबे,विद्यानंद मिश्रा, किरण मिश्रा,रविंद्र तिवारी,मनोज कंसारी,कमलेश तिवारी,फूलेश्वरी सिंह,अरुणा सिंह,डीके पुरिया,रूपेश दुबे,मंजूसा भगत,जन्मदिन मिश्रा,अखंड विधायक, प्रबोध सिंह,दिनेश बारी,रवि महंत,आशीष गुप्ता,राम यादव,संजय गुप्ता,सतीश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news