सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,17 फरवरी। राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर धूल, गड्ढों और पेयजल समस्या को लेकर ग्रामीणजनों ने मंगलवार को लगभग 1 घंटे 30 मिनट तक मास्क लगाकर चक्काजाम किया। चक्काजाम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण सडक़ पर बैठ गए, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
मौके पर पहुंचे राष्ट्रीय राजमार्ग के एसडीओ निखिल कुजूर ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि धूल नियंत्रण के लिए आज से दो पानी टैंकर लगातार चलेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी 10 दिनों के भीतर सडक़ के सभी गड्ढे भर दिए जाएंगे तथा पूर्ण कार्य भी तय समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा।
पेयजल समस्या को लेकर ईई पीएचई ओमकार सिंह ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत बांक डैम से पानी की सप्लाई की जाएगी और लगभग एक साल में योजना का कार्य पूर्ण हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान ग्राम असोला, रनपुर, देवगढ़ और सोनपुर में अप्रैल तक कुछ बोरिंग की सुविधा भी उपलब्ध करा दी जाएगी।
वहीं नायब तहसीलदार ने अवैध प्लाटिंग और ब्लास्टिंग करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
चक्काजाम के दौरान शैलेंद्र प्रताप सिंह, निखिल विश्वकर्मा, सौरभ फिलिप, आशीष शील, तरण बाबरा, प्रिंस विश्वकर्मा, वैभव पांडेय, ज्ञान तिवारी, निकेश यादव, सरपंच असोला दीपक पैकरा, भानु रजवाड़े, सौरभ विश्वकर्मा, फैज़, विजय शर्मा, नवीन गुप्ता, लाली, सोनमणि, रामकुंवर, विलासों, पूर्णिमा, तुलेश्वरी, संतोषी, जीधन यादव, सोनू यादव, ललन दास, मुकेश दास, मोनू यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन के आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त कर दिया।


