‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 13 जनवरी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को दंतेवाड़ा की लौह नगरी बचेली पहुंचे। हॉकी मैदान में आयोजित कार्यक्रम मेंं उन्होंने जिला के 160 करोड़ रूपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यो का लोकार्पण-भूमिपूजन किया। जनता को संबोधित करते हुए सीएम ने अंतिम व्यक्ति तक विकास के लक्ष्य को पूर्ण करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस दौरान सीएम ने किंरदुल में 44 करोड़ रूपये की लागत इंटेकवेल जल परियोजना का भूमिपूजन किया। जिससे किंरदुल नगरवासियों को शुद्ध पेयजल मिलेगा। इसके अलावा बारसूर में पेजयल परियोजना का भूमिपूजन किया गया।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सर्वप्रथम लोगों को छेरछेरा पुन्नी एवं मकर संक्रांति की शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि माई दंतेश्वरी की धरा पर भूमिपूजन एवं लोकार्पण सहित अन्य विकास कार्यो की घोषणा करना उनका सौभाग्य है।
उन्होंने प्रकाश व्यवस्था हेतु सोलर हाई मास्ट संयंत्र स्थापना कार्य, झिरका, कुम्हाररास, गुड़से, घोटपाल, पालनार, सोलर पॉवर प्लांट स्थापना एवं सोलर ड्यूल पंप संयंत्र कार्य सहित अन्य कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन विकास कार्यों से जिले का स्वरूप बदलेगा। और विकास की यह प्रतिबद्धता जारी रहेगी।
उन्होंने आगे कहा कि विगत एक वर्ष में शासन द्वारा जो वादे किए गए थे उन्हें सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। फिर चाहे वह प्रधानमंत्री आवास योजना हो या फिर महतारी वदन योजना या फिर नियद नेल्लानार योजना का क्रियान्वयन हो, सुरक्षा के क्षेत्र में हमें माओवादी विरोधी अभियान में कामयाबी मिल रही है। इसके साथ ही उन्होंने 2026 तक माओवाद को खत्म करने का केन्द्र और राज्य सरकार के संकल्प को भी दोहराया है। इसके अलावा नियद नेल्लानार योजना के संबंध में कहा कि इसके अन्तर्गत 100 से अधिक गांवों में बुनियादी सुविधाएं जैसे सडक़, बिजली, पेयजल, स्कूल, अस्पताल, राशन दुकानों को विकसित किया जा रहा है ताकि अंदरूनी क्षेत्रों के ग्रामों के अधोसंरचनाओं को मजबूती दी जा सकें।
जिले के संदर्भ में उन्होंने कहा कि दन्तेवाड़ा जिला खनिज सम्पदा और जैविक कृषि में अग्रणी जिला है। अत: क्षेत्र के सर्वांगीण विकास हेतु राज्य शासन प्रतिबद्ध है। शीघ्र ही जिले में वन्य प्राणी के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने की दृष्टि से जू पार्क (चिडिय़ाघर ) का निर्माण भी किया जाएगा। इसके अलावा जैविक कृषि को महत्व देने के लिए सभी लेम्पस और राशन दुकानों में जैविक खाद उपलब्ध किए जाएंगे।