‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 12 जनवरी। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को दंतेवाड़ा के बचेली नगर के प्रवास पर रहेंगे। हॉकी मैदान में होने वाले कार्यक्रम के लिए सभी तैयारियां पूर्ण की जा चुकी है।
पार्टी के कार्यकर्ता भी उनके पहली बार नगर आगमन को लेकर उत्साहित है एवं स्वागत की तैयारियां की जा चुकी है। जानकारी के अनुसार 11 बजे मैदान में दंतेवाड़ा जिला के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। प्रदेश के मुखिया दंतेवाड़ा को 1 सौ 60 करोड़ 73 लाख 21 हजार रूपये से अधिक लागत के विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण की सौगात देंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वन मंत्री केदार कश्यप करेंगे। साथ ही बस्तर लोकसभा के संासद महेश कश्यप, दंतेवाड़ा विधानसभा के विधायक चैतराम अटामी विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।
केन्द्रीय विद्यालय फुटबॉल मैदान पर हेलीपैड बनाया गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं व महिला स्वसहायता समूह के द्वारा स्वागत रंगोली बनाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है।