‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 12 नवंबर। पुलिस के नक्सली उन्मूलन अभियान में सुरक्षा बलों के संयुक्त दल को गुरुवार को बड़ी कामयाबी मिली। दंतेवाड़ा और नारायणपुर के सीमावर्ती इलाके में गुरुवार तडक़े 3 बजे पुलिस और नक्सलियों के मध्य मुठभेड़ हुई। जिसमें 7 वर्दीधारी नक्सली ढेर हो गए, इनमें दो महिला नक्सली शामिल थी। वहीं शेष पांच नक्सली पुरुष थे। इनकी पहचान की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा गौरव राय के मुताबिक पुलिस को दक्षिणी अबूझमाड़ में माड़ डिवीजन के नक्सली कैंप संचालन की जानकारी मिली थी। इसके आधार पर विगत 10 दिसंबर को जवानों को रवाना किया गया था। जवानों ने बहादुरी पूर्वक युद्ध करते हुए नक्सलियों को मार गिराया। मृतक नक्सलियों के इंद्रावती एरिया कमेटी से जुड़े होने की संभावना है। मृतक नक्सलियों के शिनाख्ती की कार्यवाही की जा रही है।
हथियारों का जखीरा बरामद
मुठभेड़ के उपरांत घटनास्थल की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में हथियारों का जखीरा मिला। इनमें विस्फोटक पदार्थ और दैनिक उपयोग के सामग्रियां शामिल है। इस अभियान में चार जिलों की जिला आरक्षी बल और विशेष कार्य बल की सराहनीय भूमिका रही। ज्ञात हो कि बस्तर संभाग में विगत वर्ष 2 सौ से अधिक नक्सली मारे जा चुके हैं।