राजनांदगांव

छत्तीसगढ़ निरंतर उन्नति के पथ पर अग्रसर : रमन
04-Dec-2024 3:05 PM
छत्तीसगढ़ निरंतर उन्नति के पथ पर अग्रसर : रमन

करोड़ों के विकास कार्यों की क्षेत्रवासियों को दी सौगात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 4 दिसंबर। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मंगलवार को ग्राम पार्रीखुर्द में 2 करोड़ 64 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। डॉ. सिंह ने कार्यक्रम में 1 करोड़ 60 लाख रुपए के लोकार्पण एवं 1 करोड़ 4 लाख 60 हजार रुपए की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि यहां जो भी विकास कार्य संपादित किए जा रहे हैं, वे सभी गुणवत्तापूर्ण हैं। यहां निर्मित सामुदायिक भवन एवं नया ग्राम पंचायत भवन सुसज्जित एवं सुरूचिपूर्ण बना हुआ है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में 15 वर्षों तक राज्य की सेवा करने का अवसर मिला। वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन प्रदेश एवं प्रदेश की जनता के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है।

विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कार्यक्रम में 1 करोड़ 60 लाख रुपए के लोकार्पण एवं 1 करोड़ 4 लाख 60 हजार रुपए की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। पार्रीखुर्द सरपंच बुधेश्वर साहू ने अतिथियों का स्वागत किया और ग्राम पंचायत में कराए गए विभिन्न कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर खूबचंद पारख, रमेश पटेल, भरत वर्मा, संतोष अग्रवाल,सुरूचि सिंह, खेमलाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे। पार्रीखुर्द सरपंच बुधेश्वर साहू ने अतिथियों का स्वागत कर ग्राम पंचायत में कराए गए विभिन्न कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।

 सहयक उपकरण व सामग्री का वितरण

विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर ग्राम ठाकुरटोला में स्थित दिव्यांगजन कौशल विकास, पुनर्वास एवं सशक्तिकरण समेकित क्षेत्रीय केन्द्र (सीआरसी) में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं सामग्री का वितरण किया। डॉ. सिंह ने कहा कि ग्राम ठाकुरटोला में स्थित सीआरसी प्रदेश स्तरीय एकमात्र केन्द्र है, जो दिव्यांगजन के कौशल विकास, पुनर्वास और सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहा है। यह छत्तीसगढ़ के सबसे उपयोगी संस्थानों में से एक है, जहां दिव्यांगजनों के लिए प्रशिक्षण, स्पीच थेरेपी, फिजियोथेरेपी एवं अन्य दिव्यांगजनों के लिए अन्य गतिविधियां तथा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि 35 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस संस्थान में दिव्यांगजनों के लिए छात्रावास की सुविधा भी है। संस्थान में दिव्यांगजनों के लिए डिप्लोमा, डिग्री, वोकेशनल कोर्स सहित अन्य कोर्स का संचालन किया जा रहा है।

380 दिव्यांग विद्यार्थी होंगे शामिल

डॉ. सिंह ने दिव्यांग बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रशंसा की और सभी समूह दलों को स्वेच्छा अनुदान मद से 11-11 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर दिव्यांग बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करने, दिव्यांग बच्चों को सामान्य बच्चों के साथ रखने एवं सम्मान देने के लिए विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया है, जिसमें अस्थिबधिर बच्चों के लिए ट्रायसाईकिल दौड़, बैसाखी दौड़ व खुर्सी दौड़, श्रवण बधिर बच्चों के लिए लंबी कूद, गोला फेंक, 100 मीटर दौड़ एवं खुर्सी दौड़, दृष्टि बधिर बच्चों के लिए 25 मीटर दौड़ सहित अन्य प्रतियोगिता में लगभग 380 दिव्यांग बच्चे शामिल होंगे।

दिव्यांगजन ले रहे सुविधाओं का लाभ

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा संचालित सीआरसी प्रदेश का एक उत्कृष्ट संस्थान है। इस संस्थान के माध्यम से दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया जा रहा है। संस्थान में शिक्षण, प्रशिक्षण, उपकरण सहित अन्य सुविधाओं का लाभ दिव्यांगजन ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में लगभग 1579 दिव्यांग बच्चे अध्ययनरत हैं। केन्द्र व राज्य सरकार प्रयासों से दिव्यांग बच्चों की बेहतर सुविधा के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चे विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल सहित अन्य गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम में दिव्यांगता के क्षेत्र में कार्यरत शिक्षकों, कर्मचारियों, बीआरपी को सम्मानित किया गया।

 विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

ग्राम ठाकुरटोला में स्थित सीआरसी में अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न संस्थाओं के दिव्यांग छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं पारंपरिक लोकनृत्यों का सराहनीय प्रदर्शन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इन संस्थानों के छात्रों द्वारा दी गई आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति की प्रशंसा करते कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों की आकर्षक एवं सुंदर प्रस्तुति बड़े-बड़े सामान्य विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा भी प्रस्तुत नहीं की जाती। उन्होंने इन छात्रों का उत्साहवर्धन भी किया।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news