राजनांदगांव

पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कसी नकेल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनंादगांव 5 जुलाई। यातायात पुलिस ने गत् 6 माह में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 हजार 353 वाहन चालकों पर कार्रवाई कर 74 लाख 80 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया।
मिली जानकारी के अनुसार एसपी मोहित गर्ग के निर्देशन में एएसपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में निरीक्षक अजय खेस प्रभारी यातायात, निरीक्षक नवरतन कश्यप एवं यातायात टीम द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले कुल 202 वाहन चालकों से 18 लाख रुपए माननीय न्यायालय द्वारा अर्थदंड लगाया गया। इसी तरह तेज गति 1026 वाहनों पर कार्रवाई कर 20 लाख 62 हजार 600 रुपए जुर्माना वसूला गया। वहीं मॉडिफाई सायलेंसर लगे 13 बुलेट एवं 02 मॉडिफाई डीजे वाहन सहित कुल 15 वाहनों से 75 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया। काला शीशा लगे 24 वाहनों पर कार्रवाई कर 48 हजार रुपए, दोपहिया वाहन में बिना हेलमेट 3414 प्रकरण में 17 लाख 7 हजार 800 रुपए एवं बिना सीट बेल्ट 506 प्रकरण में 2 लाख 64 हजार 500 रुपए एवं नाबालिग वाहन चालकों में 22 प्रकरण में 23 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 5209 वाहनों में कार्रवाई कर 14 लाख 99 हजार 500 रुपए जुर्माना वसूल किया गया।
इस प्रकार कुल 10353 वाहन चालकों से 7480400 रुपए जुर्माना वसूला गया है। यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगा। यातायात पुलिस की सभी वाहन चालकों से अपील है कि ओव्हर स्पीड, शराब सेवन, दुपहिया वाहन में तीन सवारी, दुपहिया वाहन में बिना हेलमेट वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें। दुर्घटना से बचे एवं सुरक्षित रहे। यातायात व्यवस्था बनाए रखने यातायात पुलिस का सहयोग करें एवं असुविधा से बचे।