राजनांदगांव

6 आरोपी गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनंादगांव 5 जुलाई। शहर के मध्य लालबाग थाना के नजदीक ठा. प्यारेलाल चौक में शुक्रवार को दिनदहाड़े 6 युवकों ने एक युवक पर कातिलाना हमला कर उसे बुरी तरह से जख्मी कर दिया। घायल युवक को गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया है। तत्काल इलाज शुरू होने से युवक अब खतरे से बाहर है।
वारदात में शामिल आधा दर्जन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिसमें एक आरोपी निखिल रामटेके पर गैंग का मुखिया होने का आरोप है। वहीं निखिल हत्या के आरोप में जमानत में बाहर है। लगभग दो साल पहले डोंगरगढ़ में नवरात्रि के दौरान एक युवक पर निखिल ने अपने साथियों के साथ हमला कर उसे मार दिया था। कुछ माह पूर्व वह जमानत में बाहर आया है। बाहर आते ही उसने दिनदहाड़े चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक शांतिनगर के रहने वाले 24 साल के शेख महफूज पर प्यारेलाल चौक में 6 बदमाशों ने शाम 5 बजे के आसपास जानलेवा हमला किया। बदमाशों ने युवक के गुप्त अंगों पर 3 से 4 बार चाकू से वार किया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने युवक को पूरी तरह से घेर लिया। जिससे वह भागने में नाकाम रहा। इस दौरान युवकों ने चाकू से कई बार हमला कर उसे वहीं छोड़ दिया। घायल युवक को कुछ लोगों की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। लालबाग थाना के नजदीक हुए इस घटना ने शहर की आंतरिक सुरक्षा को लेकर गंभीर प्रश्न चिन्ह लगा दिया।
आरोपियों ने बेखौफ होकर घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि घायल युवक के पिता यासिन शेख पुलिस विभाग में एएसआई के पद पर कार्यरत है। उनकी तैनाती दूसरे जिले में है। आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से युवक को जान से मारने की नियत से घेरा। सभी आरोपी दोपहिया वाहनों में अचानक घेराबंदी करते हुए घायल युवक पर टूट पड़े। चाकू निकालकर आरोपियों ने उस पर कई वार किए। घटनास्थल पर खून के धब्बे अब भी पड़े हुए हैं।
बताया जा रहा है कि वारदात के वक्त चौक में अच्छी खासी भीड़ थी। हथियार से लैस आरोपियों को देखकर मदद करने की नियत से आगे बढ़ रहे लोग भी पीछे हट गए। ऐसा बताया जा रहा है कि आरोपियों ने जानबूझकर अपना आतंक का प्रदर्शन करने के लिए खुलेआम हथियार का प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने घायल युवक को बचने का मौका नहीं दिया। जिसके चलते वह चाकूबाजी का शिकार हो गया। इधर राजनांदगांव पुलिस इस घटना को लेकर चुप्पी साधे हुए है।
शहर में जिस तरह से आपराधिक गतिविधियों में अचानक उछाल आया है, उस सवाल का जवाब देने के लिए पुलिस के पास कोई जवाब नहीं है। अतिव्यस्तम चौराहे माने जाने वाले ठा. प्यारेलाल चौक पर आरोपियों ने जिस अंदाज में घटना को अंजाम दिया है, वह पुलिस के लिए चिंतनीय है।
दिलचस्प बात यह है कि घटना स्थल से सिर्फ 50 मीटर दूर एसपी, सीएसपी के अलावा लालबाग थाना भी सटा हुआ है। ऐसे में लोग आरोपियों के हौसले को लेकर फिक्रमंद दिखे।
कोतवाली टीआई रामेन्द्र सिंह ने कहा कि आरोपी निखिल और उसके साथियों को गिरफ्तार किया गया है। निखिल पर हत्या का एक मामला भी दर्ज है। उसके पूर्व आपराधिक पृष्ठभूमि को लेकर अदालत से जमानत खारिज करने की मांग की जाएगी। टीआई का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने की तैयारी है।