राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनंादगांव 5 जुलाई। शहर कांग्रेस दक्षिण ब्लॉक के महामंत्री नीरज कन्नौजे ने जारी बयान में कहा कि युक्तियुक्तकरण योजना के नाम पर 4 हजार विद्यालय बंद हो चुके हैं। वहीं 741 नए मदिरालय (शराब) दुकान खुल रहे हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश में भाजपा सरकार शिक्षा से ज्यादा शराब को महत्व दे रहे है।
श्री कन्नौजे ने कहा कि शहर में अनेक अशासकीय अस्पताल अशासकीय स्कूल-कॉलेज में मनमानी फीस लिए जाने से जनता में घोर नाराजगी है। उन्होंने सीधा आरोप लगाया है कि शासन-प्रशासन ने इन्हें अनाप-शनाप फीस के रूप में खुली छूट दे रखी है। इसी से सत्तापक्ष भाजपा का जनाधार घटता दिखाई दे रहा है। राजनांदगांव शहर के प्राइवेट अस्पतालों के लिए तो यहां इलाज के नाम पर अनेक अस्पतालों में अनाप-शनाप वसूली को लेकर आंदोलन तक हो चुके हैं, गलत इलाज से मरीज की जान तक जा चुकी है। यह बात अलग है कि बाद में आपस में समझौता हो गया हो।
स्कूलों में अनाप-शनाप वसूली को लेकर पालक संघ कलेक्टर तक से शिकायत कर चुके हैं। उसके बाद भी व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो रहा है। प्राइवेट स्कूल व प्राइवेट अस्पतालों पर शासन-प्रशासन द्वारा लगाम नहीं लगाए जाने से ऐसा लगता है कि आपस में मिलीभगत करके जनता को चारागाह बना दिया गया है।