राजनांदगांव
.jpg)
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनंादगांव 5 जुलाई। दुर्ग जाने वाले नेशनल हाईवे स्थित रामदरबार चौराहे में शुक्रवार देर शाम को सडक़ किनारे खड़ी पानी टैंकर में टकराने से एक बाइक सवार बुरी तरह से जख्मी हो गया। बताया जा रहा है कि बाइक सवार की स्थिति हादसे के चलते गंभीर है। उनका स्थानीय मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। कोतवाली थाना प्रभारी रामेन्द्र सिंह ने बताया कि घायल युवक को पेट्रोलिंग पार्टी की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर शाम लगभग 8 से 9 बजे के बीच रामदरबार चौराहे में सडक़ के किनारे एक पानी टैंकर खड़ी थी। इस बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार ने अपना नियंत्रण खोते हुए पानी टैंकर को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। खून से लथपथ हालत में उसे पेट्रोलिंग पार्टी ने उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक उसके चेहरे और अन्य हिस्सों में चोंट पहुंची है। बाइक को जबर्दस्त नुकसान हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल युवक की शिनाख्ती में पुलिस जुटी हुई है।