सरगुजा

बैरिकेड के उस पार कांग्रेसियों ने भी केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 29 सितंबर। परसा ईस्ट केते बासेन कोल ब्लॉक एरिया के 43 हेक्टेयर भूमि में लाखों पेड़ों की अंधाधुंध कटाई किए जाने के विरोध में गुरुवार को भाजपाइयों ने स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री टी एस सिंह देव के निवास का घेराव किया। इस दौरान भाजपाइयों ने जमकर नारेबाजी की और जमीन पर बैठकर प्रदर्शन किया। घेराव के दौरान भाजपाइयों की पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई।
भाजपाइयों के प्रदर्शन के जवाब में बेरीकेट के उस पार कांग्रेसियों ने भी मोर्चा खोल दिया और केंद्र सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी करने लगे। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त बालकृष्ण पाठक,महापौर डॉ. अजय तिर्की,पीसीसी उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव,द्वितेंद्र मिश्रा,ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, अजय सिंह,आलोक सिंह,हिमांशु जायसवाल सहित सैकड़ों कांग्रेसियों ने भाजपा का दोहरा चरित्र बताते हुए केंद्र सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की और इसे केवल दिखावे का प्रदर्शन बताया।
मंत्री टीएस सिंह देव के आवास घेराव के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के नेतृत्व तथा भाजपा वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर, प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव, सूरजपुर जिला अध्यक्ष बाबूलाल गोयल, पूर्व ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज, पूर्व विधायक विजय नाथ सिंह, वरिष्ठ नेता त्रिलोक कपूर कुशवाहा एवं जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता की उपस्थिति में भाजपा वरिष्ठ नेताओं पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का हुजूम रैली की शक्ल में जब पुराने बस स्टैंड से निकलकर तपस्या पहुंची तो टीएस सिंह देव वादा निभाओ गोली खाकर पेड़ बचाओ के नारों से व्हाइट हाउस गूंज उठा।
आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं के टीएस एवं कांग्रेस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी से माहौल गरमा गया तथा व्हाइट हाउस की सुरक्षा में तैनात पुलिस बलों के साथ तीखी झड़प भी हुई।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने टी एस सिंह देव पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने जनता से वादा किया था कि एक भी डंगाल नहीं कटेगी यदि गोली खानी पड़ी तो पहली गोली मैं खाऊंगा, आज लाखों पेड़ कट गए परंतु स्थानीय विधायक और मंत्री का कहीं अता पता नहीं है। स्थानीय ग्रामीणों में भय और भ्रम की स्थिति निर्मित हो गई है। सुरक्षा में लगे पुलिस द्वारा ग्रामीणों को प्रताडि़त किया जा रहा है तथा वन कटाई क्षेत्र में जाने से रोका जा रहा है, ऐसे में क्षेत्र के विधायक एवं वर्तमान सरकार में कैबिनेट मंत्री टीएस सिंह देव सामने आकर वस्तुस्थिति स्पष्ट करें तथा पेड़ों को कटने से बचाने के लिए सार्थक पहल करें।
पूर्व महापौर प्रबोध मिंज व बाल कृष्ण पाठक के बीच नोकझोंक
टीएस सिंह देव के आवास घेराव के दौरान पूर्व महापौर प्रबोध मिंज एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बाल कृष्ण पाठक के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान बालकृष्ण पाठक ने उन्हें कहा कि किसी के निज निवास को घेरने की परंपरा ठीक नहीं है,आने वाले समय में इसका परिणाम ठीक नहीं होगा। प्रबोध मिंज ने भी पलटवार करते हुए कहा कि वह लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं,उन्हें राजनीतिक समझ है।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी, फुलेश्वरी सिंह, अरुणा सिंह, विनोद हर्ष, डी के पुरिया, देवनाथ पैकरा, रोशन गुप्ता, विजय व्यापारी, राधे श्याम ठाकुर, विकास पांडे, संतोष दास, रूपेश दुबे, मधुसूदन शुक्ला, राजकुमार बंसल, अभिषेक शर्मा, संजय सोनी, विश्व विजय तोमर, जन्मेजय मिश्रा, विद्यानंद मिश्रा, सर्वेश तिवारी, अजय प्रताप सिंह, रामप्रवेश पांडे, दीपक तोमर, छोटू थॉमस, अनामिका पैकरा, दीक्षा अग्रवाल, संजीव वर्मा, प्रेमानंद तिग्गा, वीरेंद्र बघेल, वसीम अंसारी, अंशुल श्रीवास्तव, अनिल सिंह उपस्थित थे।