सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 25 फरवरी। थाना गांधीनगर एवं साइबर सेल पुलिस टीम ने ठगी के एक मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इससे पूर्व प्रकरण में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अनूप कुमार चौबे झारखंड, वर्तमान निवास अंबिकापुर, आदतन अपराधी किस्म का व्यक्ति है, जिसका पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। आरोपी द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर संगठित सिंडीकेट बनाकर अपराध से संबंधित रकम विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर नगद निकालने और कमीशन लेने का काम किया जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक प्रार्थी सुजीत मंडल निवासी सकालो, थाना गांधीनगर ने 16 नवंबर 2025 को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 नवंबर 2025 को काली माई च्वाइस सेंटर दुकान पर बरवल चंपारण (बिहार) निवासी अनीश गिरी नामक युवक आया और स्वयं को सब्जी विक्रेता बताकर खाते में पैसे भेजने का झांसा दिया। आरोपी ने प्रार्थी के खाते में 1 लाख रुपये ट्रांसफर कराकर नगद ले लिया, बाद में पता चला कि उक्त राशि अपराध से संबंधित थी। खाता ब्लॉक होने से प्रार्थी को आर्थिक क्षति हुई। इस पर थाना गांधीनगर में धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सद्दाम अंसारी को पहले गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में अपने साथी अनीश गिरी एवं अन्य के साथ मिलकर अपराध की रकम खातों में मंगाकर निकासी करने की बात स्वीकार की थी। प्रकरण में धारा 61(2), 317(4) बीएनएस जोडक़र सद्दाम अंसारी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था।
पुलिस की आगे की कार्रवाई में अनीश गिरी एवं वर्षा सिंह पोर्ते को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। दुकान पर आने वाले व्यक्ति की तलाश के दौरान पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम अनूप कुमार चौबे बताया और पूछताछ में अपराध स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल भी जब्त किया गया है। प्रकरण में धारा 111 बीएनएस जोड़ते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।


