सरगुजा
अंबिकापुर, 24 फरवरी। छत्तीसगढ़ बजट 2026-27 में सरगुजा अंचल में बांस की खेती को प्रोत्साहन देने के लिए 10 करोड़ रुपये के प्रावधान का भाजपा जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने स्वागत और अभिनंदन किया है। उन्होंने कहा कि यह पहल स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के साथ-साथ आदिवासी एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी।
विनोद हर्ष ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण, कृषि एवं वन प्रसंस्करण तथा संबद्ध गतिविधियों के प्रोत्साहन हेतु 100 करोड़ रुपये की सब्सिडी योजना का प्रावधान किसानों और जनजातीय समुदाय के लिए आर्थिक उन्नति का नया मार्ग प्रशस्त करेगा। इससे स्थानीय उत्पादों को मूल्यवर्धन मिलेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने की यह पहल सरगुजा संभाग के लिए विकास का मजबूत आधार तैयार करेगी और युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराएगी।


