सरगुजा
अंबिकापुर, 24 फरवरी। छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत 1.72 लाख करोड़ के बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आज़ाद सेवा संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा ने इसे राज्य के संतुलित और समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण और सामाजिक कल्याण योजनाओं के बीच मजबूत संतुलन को दर्शाता है, जिससे राज्य की विकास यात्रा को नई गति मिलेगी।
रचित मिश्रा ने बजट में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को दी गई प्राथमिकता की सराहना करते हुए कहा कि अबूझमाड़ और जगरगुंडा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में ‘एजुकेशन सिटी’ की स्थापना हेतु 100 करोड़ का प्रावधान और नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना राज्य के भविष्य के लिए गेम चेंजर साबित होगी। इससे ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित होगी।
उन्होंने औद्योगिक और ग्रामीण विकास के समन्वय पर भी जोर देते हुए कहा कि 23 नए औद्योगिक पार्कों के लिए 250 करोड़ का प्रावधान और कृषि क्षेत्र के लिए निरंतर समर्थन से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मिश्रा ने कहा कि सामाजिक न्याय के साथ औद्योगिक विकास को जोडऩे का प्रयास इस बजट की सबसे बड़ी विशेषता है।
अंत में उन्होंने कहा कि किसी भी बजट की वास्तविक सफलता उसके पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन पर निर्भर करती है। योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे, यही इस ‘उम्मीद जगाने वाले बजट’ की सार्थकता तय करेगा।


