सरगुजा

राजाकटेल में पंडो जनजाति की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, कमिश्नर से जांच की मांग
26-Feb-2026 10:47 PM
राजाकटेल में पंडो जनजाति की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, कमिश्नर से जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 26 फरवरी। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत माजा के राजाकटेल बस्ती में विलुप्तप्राय पंडो जनजाति की जमीन पर बाहरी लोगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में समाजसेवी व पार्षद आलोक दुबे ने संभागायुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा को ज्ञापन सौंपकर राजस्व टीम गठित कर जांच कराने और जमीन मुक्त कराने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम पंचायत माजा अनुसूचित जनजाति बहुल क्षेत्र है तथा यहां पंडो जनजाति के परिवार पीढिय़ों से निवासरत हैं। राजाकटेल बस्ती में 12 पंडो परिवारों को शासन से प्राप्त पट्टे की भूमि पर कुछ बाहरी लोग, जो कथित रूप से झारखंड, बिहार और बंगाल से आए हैं, द्वारा कब्जा कर मकान निर्माण किए जाने का आरोप है।

आवेदन में दावा किया गया है कि इन परिवारों की जमीन कथित रूप से 30 से 50 वर्ष के लीज स्टाम्प पर लिखवा ली गई और वर्तमान में लगभग 600 मकान बनाकर बसाहट कर ली गई है।

ज्ञापन के अनुसार जिन पंडो परिवारों की जमीन पर कब्जे का आरोप लगाया गया है, उनमें रतियारा पति अर्जुन, हीरामती पति भोलू पंडो, बेधन पंडो, लालगुलाब, स्तन पंडो, कुलसुंदरी, मुन्ना पंडो, शिवनारायण पंडो, बोधन पंडो, मझवार पंडो, लोकनाथ पंडो एवं सालन पंडो सहित अन्य शामिल हैं। संबंधित भूमि का रकबा 1 से 5 एकड़ तक बताया गया है।

आवेदन में उल्लेख किया गया है कि पंडो जनजाति की संख्या प्रदेश और देश में लगातार घट रही है, ऐसे में उनके अस्तित्व और अधिकारों की रक्षा आवश्यक है। प्रकरण को अत्यंत गंभीर बताते हुए निष्पक्ष राजस्व जांच कर भूमि को मुक्त कर मूल पट्टाधारकों को वापस दिलाने की मांग की गई है।

शिकायत उपरांत इस मामले में सरगुजा संभाग आयुक्त नरेंद्र दुग्गा ने इस मामले में कलेक्टर सरगुजा से बातचीत कर उचित दिशा निर्देश दिए है।

पंडो समाज ने सुरक्षा की लगाई गुहार, मारपीट व जमीन कब्जे का आरोप

लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राजाकटेल में पंडो विशेष पिछड़ी जनजाति के लोगों ने सुरक्षा की मांग को लेकर थाना प्रभारी को आवेदन सौंपा है। आवेदन में कुछ व्यक्तियों पर मारपीट, धमकी और जमीन कब्जाने का आरोप लगाया गया है।

आवेदन के अनुसार ग्राम राजाकटेल निवासी जमील अहमद, रफीक खान, सरफुदीन एवं कबीर पर पंडो समाज के लोगों को आए दिन मारपीट, धमकी और दुर्घटना में फंसाने की चेतावनी देने का आरोप है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि पंडो समाज की जमीन पर बलपूर्वक कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।

पंडो समाज के प्रतिनिधियों ने अपने आवेदन में कहा है कि स्कूल जाने वाले बच्चों को डराया-धमकाया जा रहा है तथा वाहन से दुर्घटना करने की धमकी दी जाती है। साथ ही पंडो समाज की जमीन पर बलपूर्वक कब्जा किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

आवेदनकर्ताओं का कहना है कि इन घटनाओं से पूरे पंडो समाज में भय का वातावरण है और कभी भी बड़ी घटना घटित हो सकती है, जिससे क्षेत्र में शांति भंग होने की आशंका है।


अन्य पोस्ट