कारोबार

व्यापारियों को साइबर अपराधों से बचाने जागरूकता कार्यशाला
05-Jul-2025 3:04 PM
व्यापारियों को साइबर अपराधों से बचाने जागरूकता कार्यशाला

रायपुर, 5 जुलाई। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेशाध्यक्ष सतीश थौरानी ने बताया कि रायपुर पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में व्यापारियों को साइबर अपराधों से बचाने के लिए एक सफल साइबर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला का उद्देश्य व्यापारियों को वर्तमान साइबर खतरों और उनसे सुरक्षित रहने के उपायों के बारे में शिक्षित करना है, जिसमें उन्हें ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने और डिजिटल लेनदेन को सुरक्षित बनाने के तरीकों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

श्री थौरानी ने उपस्थित व्यापारियों को संबोधित करते हुए साइबर क्राइम के बढ़ते खतरों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा, आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध एक गंभीर चुनौती बन गए हैं, जिससे हमारे व्यापारी समुदाय को लगातार खतरा है। यह आवश्यक है कि हम सभी जागरूक रहें और इन अपराधों से खुद को बचाने के लिए नवीनतम जानकारी से लैस रहें। चेंबर हमेशा अपने व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और इसी कड़ी में यह कार्यशाला आयोजित की गई है ताकि आप सभी सुरक्षित रूप से अपना व्यापार कर सकें।

 

श्री थौरानी ने बताया कि कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में श्री सतीश पुरिया, रायपुर क्राइम ब्रांच, उपस्थित रहे। उन्होंने व्यापारियों को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की, जिससे व्यापारियों को अपने व्यवसाय को डिजिटल खतरों से बचाने में काफी मदद मिलेगी। कार्यशाला में साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला गया, जिसमें तीन प्रमुख विशेषज्ञों ने अपनी-अपनी विशेषज्ञता के अनुसार जानकारी साझा की। साइबर सुरक्षा के सामान्य सिद्धांतों और बचाव के उपायों पर प्रेजेंटेशन दिया।

श्री थौरानी ने बताया कि साइबर एक्सपर्ट (एआई) चिंतामणि साहू ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े साइबर खतरों और उनसे बचाव के तरीकों पर जानकारी दी, जबकि साइबर एक्सपर्ट (फ्रॉड) नितेश राजपूत ने विभिन्न प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी और उनसे सुरक्षित रहने के लिए अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। यह कार्यशाला रायपुर के व्यापारियों के लिए साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।


अन्य पोस्ट